पठन-पाठन व्यवस्था का लिया जायजा, शिक्षा साथी ऐप के उपयोग की भी ली जानकारी ।

पठन-पाठन व्यवस्था का लिया जायजा, शिक्षा साथी ऐप के उपयोग की भी ली जानकारी ।
| संवाददाता
अरेराज प्रखंड अंतर्गत सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), मलाही का जिलाधिकारी ने बुधवार को दोपहर करीब 1:15 बजे निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रही पठन-पाठन व्यवस्था का जायजा लिया तथा ‘शिक्षा साथी ऐप’ के उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई की स्थिति को समझा। इस दौरान उन्होंने कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों को करीब एक घंटे तक गणित पढ़ाया। पढ़ाई के क्रम में जिलाधिकारी ने बच्चों से गणित के कुछ कठिन प्रश्न हल करवाए, जिन्हें विद्यार्थियों ने सटीक तरीके से हल किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी विषय से संबंधित बातें भी समझाईं। जिलाधिकारी को शिक्षक की भूमिका में देखकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पढ़ाई के दौरान बच्चों ने उनसे विनम्र आग्रह करते हुए कहा कि “सर, अगली बार कब आएंगे? हमलोग आपकी प्रतीक्षा करेंगे।” बच्चों के आग्रह पर जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में अगली बार आने पर वे पुनः विद्यालय पहुंचकर बच्चों से जुड़ेंगे।
विद्यालय में चल रही पठन-पाठन व्यवस्था पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित सभी शिक्षकों को अभिभावक की तरह बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा उनकी पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया।
