अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल, एक की मौत, दो का चल रहा इलाज !

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल, एक की मौत, दो का चल रहा इलाज !
पताही |सुशील कुमार
पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड अंतर्गत परसौनी कपूर पंचायत में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शेखपुरवा और चैता गांव के बीच नीमगाछी के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान नीमगाछी के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
