बेवा काली मंदिर परिसर में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, लोगों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान !

बेवा काली मंदिर परिसर में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, लोगों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान !
रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा, जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में निभाता है अहम भूमिका : तारामणि मारांडी
हरिकिशन गंगवानी / प्राईम इंडिया न्यूज़ संवाददाता :
बेवा मिलन समिति की ओर बेवा काली मंदिर परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों एवं समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बेवा पंचायत की मुखिया तारामणि मारांडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने रक्तदान को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों के मन में कई तरह की भ्रांतियां रहती हैं, जिन्हें जागरूकता के माध्यम से दूर करने की जरूरत है। रक्तदान एक नेक कार्य है, इससे जरूरतमंदों की मदद करने का अवसर मिलता है। इस तरह के सामाजिक आयोजन समाज में आपसी सहयोग, एकजुटता और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। शिविर के दौरान रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। बेवा मिलान समिति के सदस्यों ने शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि समिति भविष्य में भी सामाजिक हित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रयासरत रहेगी। वही शिविर के सफल आयोजन में सौरभ मंडल, बापी पाल, किशोर मंडल, गौरव मंडल, सिंटू मंडल, पवित्र मंडल, आनंद मंडल, संतोष राय सहित बेवा मिलन समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
