हजारीबाग में प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली ।

हजारीबाग में प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली ।
13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड गोलीकांड में पुलिस ने संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय को लिया था हिरासत में, हथियार-बम बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने का आरोप
आशीष सिन्हा/सुमन सिन्हा, हजारीबाग।
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, मामले में संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय, निवासी पिपराडीह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। पूछताछ और मोबाइल जांच के दौरान पुलिस को उसके कथित तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों से टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क होने की जानकारी मिली।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोलीबारी करने तथा प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस हथियार और बम की बरामदगी के लिए पिपराडीह गांव के पास स्थित बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची थी।
बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के दौरान अंकित कुमार पांडेय ने अचानक एक पुलिस जवान को धक्का दिया और बरामद पिस्तौल से पुलिस बल की ओर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली अंकित के पैर में लगी।
गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तत्काल इलाज के लिए बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद करने का दावा किया है।
25 जुलाई की रात हुई थी गोलीबारी
दरअसल, 25 जुलाई की रात बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने बड़कागांव थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज कर मामले की टी जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उसके मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम ऐप पर कथित तौर पर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों के साथ चैट मिलने की बात पुलिस ने कही है।
फिलहाल पुलिस अंकित के अन्य कथित सहयोगियों की भूमिका और प्रिंस खान गिरोह से उसके संभावित संपर्क की जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए नेटवर्क को खंगाल रही है।
