स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जामताड़ा प्रखंड सभागार में हुआ बैठक,बीडीओ ने स्वच्छता को लेकर सभी जलसहिया एवं कर्मी को दिलाया शपथ

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जामताड़ा प्रखंड सभागार में हुआ बैठक,बीडीओ ने स्वच्छता को लेकर सभी जलसहिया एवं कर्मी को दिलाया शपथ ।
सुरेश कुमार पाण्डेय / प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता जामताड़ा।
जामताड़ा प्रखंड में सोमवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड स्वच्छता पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर आवश्यक निर्णय लिए गए। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ चलाया जा रहा है। बैठक में जिला समन्वयक अनुज कुमार मंडल, कनीय अभियंता सुवेन्दु मिश्रा, प्रखंड समन्वयक सद्दाम अंसारी, सभी मुखिया, जलसहिया एवं संबंधित कर्मी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से स्वच्छता के प्रति स्वैच्छिकता और सामूहिक भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गांवों में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और सार्वजनिक स्थलों को चिह्नित कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। गंदगी एवं कचरे के ढेर वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध तरीके से साफ करने पर जोर दिया जाएगा। अभियान के तहत ‘स्वच्छ पाठशाला’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों, युवाओं और युवा समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा सफाई मित्रों एवं स्वच्छताग्रहियों के सम्मान और कल्याण के लिए स्वास्थ्य जांच एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता के लिए जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों को ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण और कंपोस्टिंग के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में स्वच्छता गतिविधियों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में 1 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई। इसके तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान’ के संदेश के साथ लोगों को स्वच्छता अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में अभियान की निर्धारित अवधि के दौरान पंचायत स्तर पर विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया।
