November 16, 2026

सपा-कांग्रेस ने मुसलमानों को वोट बैंक बनाकर सत्ता हासिल की, भाजपा सरकार में सबका सम्मान और सबका विकास सुनिश्चित हुआ : कुंवर बासित अली

सपा-कांग्रेस ने मुसलमानों को वोट बैंक बनाकर सत्ता हासिल की, भाजपा सरकार में सबका सम्मान और सबका विकास सुनिश्चित हुआ : कुंवर बासित अली

 

 

*मोदी-योगी सरकार की नीतियों में समाज के प्रत्येक वर्ग की तरक्की और सुरक्षा सर्वोपरि : राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी*

 

मुरादनगर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा पश्चिम क्षेत्र, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी (मालू) के स्वागत एवं पदभार ग्रहण समारोह का रविवार को ईदगाह रोड, करबला, मुरादनगर में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनस साजिद उस्मानी के प्रथम आगमन पर भी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुंवर बासित अली तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी रहे। कार्यक्रम में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने अपने संबोधन में कहा कि सपा और कांग्रेस ने लंबे समय तक मुसलमानों को केवल वोट बैंक समझकर इस्तेमाल करने की राजनीति की। इन दलों ने समाज के वास्तविक विकास, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण के स्थान पर राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा रही हैं। भाजपा का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। उन्होंने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हुए पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनस साजिद उस्मानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का लाभ बिना जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा का दायित्व है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाए।

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि धरातल पर विकास करने वाली सरकार है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस सरकारों के समय अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक नारों तक सीमित रखा गया, जबकि मोदी और योगी सरकार ने विकास को प्राथमिकता देकर समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। आज योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है और उत्तर प्रदेश विकास तथा कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

भाजपा प्रदेश मंत्री एवं मीडिया प्रभारी श्री यतेंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और कार्यकर्ता ही संगठन की शक्ति के सिद्धांत पर काम करता है। पार्टी की विचारधारा समाज को जोड़ने और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और समर्पण के साथ काम करना चाहिए। मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाना भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर ने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पश्चिम क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मिलकर कार्य करें।

भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल ने कहा कि गाजियाबाद महानगर में पार्टी का संगठन निरंतर विस्तार कर रहा है। अल्पसंख्यक मोर्चा सहित सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पश्चिम क्षेत्र में अल्पसंख्यक मोर्चा नई संगठनात्मक ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मौलाना हमीदुल्लाह राजशाही ने कहा कि समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारा और विकास की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। सभी को मिलकर समाज के उत्थान और राष्ट्र की प्रगति के लिए कार्य करना चाहिए।

नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी (मालू) ने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। पश्चिम क्षेत्र में अल्पसंख्यक मोर्चे के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा पार्टी की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट कदीम आलम ने किया। आयोजन में मुरादनगर शहर मंडल अध्यक्ष राहुल गोयल एवं उनकी पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद भारतीय, मंडल अध्यक्ष राहुल गोयल, मंडल अध्यक्ष विपिन चौधरी, मनोज शर्मा, प्रदीप चौधरी पार्षद नगर निगम गाजियाबाद एवं महानगर कार्यसमिति सदस्य भाजपा, आलिया सिद्दीकी, प्रवीण जैन, राकेश जैन, अरुण जैन, ऋषभ जैन सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रदीप चौधरी पार्षद ने मीडिया संयोजक के रूप में प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी निभाई।

 

प्रदीप चौधरी पार्षद

कार्यक्रम मीडिया समन्वयक

भाजपा

9911577123

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.