कुचेसर रोड चौपला में वैदिक चेतना का महाकुंभ, यज्ञ की अग्नि से गूंजा विश्व कल्याण का संदेश !

कुचेसर रोड चौपला में वैदिक चेतना का महाकुंभ, यज्ञ की अग्नि से गूंजा विश्व कल्याण का संदेश ।
*तीन दिवसीय आर्य महासम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने दी आहुति; 20 सितंबर को होगा भव्य समापन*
दयानन्द कुमार प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता हापुड़ ।
जनपद हापुड़ बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला में विश्व कल्याण मानव सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय भव्य आर्य महासम्मेलन श्रद्धा, आध्यात्मिकता और वैदिक परंपराओं का केंद्र बना हुआ है। सम्मेलन में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और यज्ञ में आहुति देकर विश्व शांति, मानव कल्याण तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार महासम्मेलन 18, 19 और 20 सितंबर तक चलेगा, जिसका समापन 20 सितंबर को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय निर्माण, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
सम्मेलन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की पावन ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुति देकर विश्व बंधुत्व, सामाजिक समरसता और मानवता के कल्याण की प्रार्थना की। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी भी विशेष रूप से देखने को मिली। हजारों की संख्या में महिलाओं ने सम्मेलन में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योग ऋषि कर्मवीर महाराज स्वामी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए वैदिक संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाना आवश्यक है।
सम्मेलन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि समापन दिवस पर भी विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इस अवसर पर समाजसेवी अंकित, प्रेम नागर तथा सुरेश नागर ने भी सम्मेलन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इसे समाज को एकजुट करने और वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार का प्रभावी माध्यम बताया।
