नई दिल्ली में झारखंड प्रगति पर्व के तहत करम मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

दिनांक: 28 सितंबर 2026
लोकेशन: नई दिल्ली
स्लग: झारखंड प्रगति पर्व करम मिलन समारोह
नई दिल्ली में झारखंड प्रगति पर्व के तहत करम मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के साथ मानव जीवन के जुड़ाव को प्रमुखता से सामने रखा गया। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
करम पर्व झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और प्रकृति से गहरे जुड़ा पर्व है। करम मिलन समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोक संस्कृति, नृत्य और संगीत के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने करम मिलन समारोह के आयोजन पर शुभकामनाएं दीं और झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के महत्व को रेखांकित किया।
वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने करम पर्व के महत्व को बताते हुए कहा कि आधुनिक विकास और प्रगति के साथ प्रकृति एवं मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। विकास की दौड़ में प्रकृति और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव बना रहे, यही करम पर्व का महत्वपूर्ण संदेश है।
संजय सेठ ने कहा कि झारखंड की आदिवासी संस्कृति केवल झारखंड की पहचान नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और देश-दुनिया में इसकी पहचान को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
समारोह में आदिवासी लोक नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के जरिए प्रगति और प्रकृति के बीच तालमेल, साथ ही अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
