MCD ऑफिस में मचा बवाल! पार्षद से मारपीट के बाद चेयरमैन के दफ्तर में तोड़फोड़ !

MCD ऑफिस में मचा बवाल! पार्षद से मारपीट के बाद चेयरमैन के दफ्तर में तोड़फोड़, निगम कार्यालय बना हंगामे का अखाड़ा
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के नगर निगम कार्यालय में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सीलमपुर निगम पार्षद के साथ कथित मारपीट के बाद मामला जोन चेयरमैन पंकज लूथरा के कार्यालय तक पहुंच गया। देखते ही देखते निगम कार्यालय में हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, सीलमपुर निगम पार्षद के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पार्षद किसी तरह वहां से निकलकर जोन चेयरमैन के कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में लोग निगम कार्यालय में पहुंच गए और चेयरमैन के कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
अचानक हुए इस बवाल से निगम कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर निगम जैसे सरकारी कार्यालय में भीड़ कैसे पहुंची और हालात इतने बेकाबू कैसे हो गए? पार्षद के साथ कथित मारपीट से लेकर चेयरमैन कार्यालय में हुई तोड़फोड़ तक, पूरे घटनाक्रम की जांच अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है।
फिलहाल पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने और विवाद की असली वजह पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आखिर इस पूरे बवाल के पीछे कौन था और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई।
