सेंट माइकल्स स्कूल में वार्षिक प्रदर्शनी ‘खोज-2026’ का भव्य आयोजन ।

सेंट माइकल्स स्कूल में वार्षिक प्रदर्शनी ‘खोज-2026’ का भव्य आयोजन
सेंट माइकल्स स्कूल, रांची के प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी विंग की वार्षिक प्रदर्शनी ‘खोज-2026’ का आयोजन 28 नवंबर 2026 को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी श्री अनुराग गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती शिखा गुप्ता के साथ किया।
श्री अनुराग गुप्ता एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व हैं। बीटेक की डिग्री प्राप्त करने के साथ-साथ उन्होंने पुस्तक लेखन एवं साइबर अपराध पीड़ितों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें गैलेंट्री अवॉर्ड सहित अनेक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शिखा गुप्ता डीपीएस, रांची में एक अनुभवी शिक्षिका हैं तथा उन्होंने बच्चों के लिए एक कहानी-पुस्तक का भी लेखन किया है।
प्रदर्शनी के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आगंतुकों को प्राचीन सभ्यताओं से लेकर आधुनिक युग तक की एक ज्ञानवर्धक एवं रोचक यात्रा कराई। इस दौरान हुनर हाट, ब्लू प्लैनेट, विरासत से छोटी रसोई, शब्द घर और रंगोली भारत जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित प्रदर्शनियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। ‘जंगल बुक’ के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं बटरफ्लाई गार्डन में रंग-बिरंगी तितलियों की सुंदरता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘अन्ना डिस्प्ले’ में भारतीय खान-पान एवं पारंपरिक व्यंजनों को दर्शाया गया। स्पेस स्टेशन के माध्यम से विद्यार्थियों ने सुनीता विलियम्स और कल्पना चावला जैसी महान अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में जानकारी साझा की। इसके अतिरिक्त ‘माइंड, बॉडी एंड सोल’ प्रदर्शनी के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली एवं शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया गया। ‘गणित’ के रोचक प्रदर्शनों ने भी सभी को आकर्षित किया।
इस भव्य आयोजन की परिकल्पना एवं सफल क्रियान्वयन विद्यालय के चेयरमैन श्री कमल बहल, श्रीमती वंदना बहल, प्रधानाचार्या श्रीमती पुष्पिता ब्रजकिशोर सिन्हा, कार्यकारी निदेशक श्री रजत बहल, ओवरऑल इंचार्ज श्री शशांक सिन्हा, सीनियर विंग एडमिनिस्ट्रेटर श्री रवनीत सिंह नेगी, चीफ एकेडमिक एडवाइजर सुश्री सोमा बनर्जी एवं प्राइमरी विंग इंचार्ज सुश्री राबिया अफरीन के कुशल मार्गदर्शन में संभव हो सका।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों एवं शिक्षकों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने बच्चों से संवाद किया, उनके प्रदर्शनों से जुड़े प्रश्न पूछे तथा उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सीखने की जिज्ञासा की प्रशंसा की।
‘खोज-2026’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाशीलता, नवाचार, अनुभवात्मक शिक्षा और सीखने की स्वाभाविक जिज्ञासा का उत्सव साबित हुई। अभिभावकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन की सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
