घर बैठे शुरू करें अपना रोजगार, खाली कमरों को बनाएं होमस्टे, पर्यटन विभाग देगा सुविधाएं और पर्यटकों से जुड़ने का मौका ।

*घर बैठे शुरू करें अपना रोजगार, खाली कमरों को बनाएं होमस्टे, पर्यटन विभाग देगा सुविधाएं और पर्यटकों से जुड़ने का मौका*
*बीरसिंह संवाददाता कानपुर*
कानपुर नगर। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर आय व स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति-2025 संचालित की जा रही है। इस नीति के तहत भवन स्वामी अपने आवास के अतिरिक्त कमरों को पर्यटकों के ठहरने के लिए उपलब्ध कराकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम ने बताया कि नीति के अंतर्गत शहरी होमस्टे, ग्रामीण होमस्टे तथा बेड एंड ब्रेकफास्ट श्रेणियों में पंजीकरण कराया जा सकता है। शहरी एवं ग्रामीण होमस्टे के लिए भवन स्वामी का स्वयं निवास करना आवश्यक होगा, जबकि बेड एंड ब्रेकफास्ट श्रेणी में केयरटेकर रखना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि न्यूनतम 1 और अधिकतम 6 कमरे अथवा 12 बिस्तर पर्यटकों को किराये पर दिए जा सकते हैं। भवन के कुल कमरों में से अधिकतम दो-तिहाई कमरों का ही उपयोग इस उद्देश्य के लिए किया जा सकेगा।
पंजीकृत इकाइयों को बिजली, जलकर, गृहकर एवं सीवर कर का भुगतान आवासीय दरों पर करने की सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल के लिए सब्सिडी भी मिलेगी। इसके अतिरिक्त 8 सहायक कर्मचारियों को मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान के माध्यम से निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंजीकृत इकाइयों का प्रचार-प्रसार पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से भी किया जाएगा।
जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि भवन का वैध स्वामी ही पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है। किराये या लीज के भवन का पंजीकरण नहीं होगा। एक भवन परिसर के लिए केवल एक पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। पंजीकरण के लिए शयनकक्ष, शौचालय, पानी, बिजली एवं फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएं आवश्यक होंगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस नीति का लाभ उठाकर पर्यटन आधारित स्वरोजगार से जुड़ें। इच्छुक भवन स्वामी अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय, 16/99, गांधी भवन, फूलबाग, कानपुर नगर में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त वेबसाइट http://www.uptourism.gov.in, संपर्क नंबर 80054884734 तथा ई-मेल touristofficekanpur@gmail.com के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
