November 20, 2026

उड़ता हरियाणा’ के लिए कितने रूपए मिले? ‘सैनी का ज़िला नशेड़ियों का किला’ लिखने के लिए किसने कहा था ?

उड़ता हरियाणा’ के लिए कितने रूपए मिले? ‘सैनी का ज़िला नशेड़ियों का किला’ लिखने के लिए किसने कहा था ?

‘उड़ता हरियाणा’ के लिए कितने रूपए मिले? ‘सैनी का ज़िला नशेड़ियों का किला’ लिखने के लिए किसने कहा था? ‘उड़ता हरियाणा’ दिखाने के लिए केजरीवाल से क्या बात हुई? ‘उड़ता हरियाणा’ नाम मनीष सिसोदिया ने दिया था ना? सीएम सैनी को बदनाम करने की सुपारी किसने दी है तुझे? सीएम सिटी कुरुक्षेत्र में अपनी रिपोर्टर को क्यों भेजा तूने? आदि आदि.

एसपी, डिप्टी एसपी, 3 इंस्पेक्टर, CIA 1, CIA 2 के अफसर एवं अन्य पुलिसकर्मी बारम्बार मेरे दोनों चैनलों ‘लिविंग इंडिया न्यूज़’ और ‘हिन्दी ख़बर’ का आम आदमी पार्टी के साथ राजनैतिक एवं आर्थिक कनेक्शन थोपने की भरसक कोशिशें कर रहे थे. कीमती सामान और कैश कहां रखा है, ये भी पूछ रहे थे.

अलग अलग लोग, अलग अलग तरीके से, कभी अकेले में तो कभी साथ बिठा कर ऐसे ही सवाल पूछ रहे थे और मनचाहा जवाब ना मिलने पर, निर्वस्त्र कर ‘थर्ड डिग्री टॉर्चर’ एवं ‘एनकाउंटर’ की धमकी दे रहे थे. थक हार के मैने कह दिया था कि सच पर भरोसा नहीं है तो फिर आप ही बता दीजिए कि AAP के किन नेताओं का नाम लेना है?

मार-पिटाई के बाद लॉकअप में मैनें नशा करते कैदियों को देखा. कुरूक्षेत्र जिला जेल के सिक्योरिटी वॉर्ड की चक्की 16 C में रात गुज़ारी तो देखा कि कई कैदी तरह तरह का नशा कर रहे थे. दीवारों पर नशा बेचने वालों के मोबाइल नंबर लिखे हुए थे.

10 से 16 अक्टूबर 2026 यानि 7 दिनों की भयंकर यातना झेलने के बाद, अब मैं सोच रहा हूं कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के लिए हम पत्रकारों से समर्थन मांगा था लेकिन क्या हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को सूचित नहीं किया था?

हरियाणवी महिला एंकर एवं महिला रिपोर्टर, संपादक, प्रधान संपादक, सीईओ और ड्राइवर की गिरफ्तारी तथा ‘थर्ड डिग्री टॉर्चर’ करवा के सीएम सैनी जी ने हरियाणा से नशा खत्म कर दिया क्या?

सिखों वाली दस्तार पहन के, पंजाब की अलग अलग जगहों पर नशा मुक्ति के भाषण देने वाले माo नायब सिंह सैनी जी जिस हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं, उस हरियाणा को ‘नशा मुक्त हरियाणा’ कब बनाएंगे? हमारे ‘थर्ड डिग्री टॉर्चर’ के बाद भी ये सवाल मुंह बाए खड़ा है.

सत्यमेव जयते 🙏🏻 भारत माता की जय 🇮🇳

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.