November 18, 2026

सीईओ रवि कुमार एनजी: साढ़े तीन वर्ष का शानदार कार्यकाल ! 

सीईओ रवि कुमार एनजी: साढ़े तीन वर्ष का शानदार कार्यकाल ! 

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

सीईओ रवि कुमार एनजी: साढ़े तीन वर्ष का शानदार कार्यकाल !

********

तीन वर्ष चार माह से अधिक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी को इसी पद पर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण(यूपीसीडा )स्थानांतरित किया गया है। एक स्थान पर तीन वर्ष नियुक्त रहने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों का स्थानांतरण हो ही जाता है, फिलहाल तो इस परंपरा को निभाने के लिए चुनाव आयोग का भी आदेश है। बीते तीन वर्षों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कैसा रहा? क्या कोई उल्लेखनीय बदलाव आया या ये तीन वर्ष भी यूं ही बीत गए? संभवतः छः जुलाई 2023 को जब रवि कुमार एनजी ने पदभार संभाला तो प्राधिकरण के मुख्य द्वार पर किसानों का अपनी मांगों को लेकर चार महीने से चल रहा धरना जमा हुआ था। इस बीच किसान नेताओं की गिरफ्तारी और धरना स्थल पर पुलिस बल प्रयोग भी कर चुकी थी। दिनों दिन स्थिति बद से बद्तर होती जा रही थी कि रवि कुमार एनजी ने सीधे किसान नेताओं से बात कर धरना समाप्त करा दिया। उनसे पहले  नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी अतिरिक्त प्रभार के तहत यहां की भी सीईओ बनी हुई थीं। हांलांकि नोएडा हो या ग्रेटर नोएडा, उनके कामकाज में कोई कमी नहीं थी परंतु अपने सख्त मिजाज और गैर मिलनसार स्वभाव के चलते शहर के लोगों से उनकी आत्मीयता में कमी थी। उन्होंने प्राधिकरण के द्वार बंद करा पास व्यवस्था लागू की हुई। सुबह से प्राधिकरण के मुख्य द्वार पर पास बनवाने के लिए लोगों की भीड़ झूलने लगती थी। रवि कुमार एनजी ने प्राधिकरण के द्वार पूरे समय के लिए आमजन के लिए खोल दिए। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। किसानों की आबादी, आवासीय भूखंड,बैक लीज और शिफ्टिंग जैसे बहुत से किसानों के मामले आज भी अटके हुए हैं परन्तु उन्होंने यथासंभव उन्हें सुलझाने का प्रयास किया। उनकी पहल पर लगभग एक हजार किसानों को आवासीय भूखंड आवंटित किए गए।डीएमआईसी और आईआईटीजीएनएल जैसी परियोजनाओं में तेजी लाई गई, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के अलावा शहर की सड़कों के चौड़ीकरण जैसे उल्लेखनीय कार्य हुए। उन्होंने शहर में चिकित्सा सुविधा बढ़ाने के लिए कई बड़े अस्पताल समूहों को आमंत्रित किया।जिस समय उन्होंने कार्यभार संभाला, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगभग चार हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूबा हुआ था। उन्होंने प्राथमिकता पर प्राधिकरण के बकाया की वसूली कर न केवल समस्त कर्ज का भुगतान किया बल्कि आज ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगभग तेरह हजार करोड़ रुपए के बैंक बैलेंस वाला प्राधिकरण हो गया है। उनके साथ वरिष्ठ अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के तौर पर सौम्य श्रीवास्तव ने बकायेदार बिल्डरों से पैसा निकलवाने के साथ दर दर भटक रहे हजारों फ्लैट बायर्स को उनके आशियाना दिलाने में महती भूमिका निभाई।उनका भी स्थानांतरण हो गया है।दो अन्य अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों में से सुनील कुमार सिंह मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी नियुक्त किए गए हैं जबकि श्री लक्ष्मी वी एस को लखनऊ में नियुक्ति दी गई है। रवि कुमार एनजी के स्थान पर आ रहे डॉ बलकार सिंह भी सुलझे हुए अधिकारी माने जाते हैं। ग्रेटर नोएडा के अगले खेवनहार वही होंगे।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.