November 18, 2026

खाकी की आड़ में कथित रिश्वतखोरी! फिल्मिस्तान रोड के वायरल वीडियो ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी पर उठाए सवाल ?

खाकी की आड़ में कथित रिश्वतखोरी! फिल्मिस्तान रोड के वायरल वीडियो ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी पर उठाए सवाल ?

खाकी की आड़ में कथित रिश्वतखोरी! फिल्मिस्तान रोड के वायरल वीडियो ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईमानदारी पर उठाए सवाल ?

 

मोबाइल की ओट में नोटों का कथित खेल! सड़क पर जनता से कानून का हिसाब मांगने वाली वर्दी खुद सवालों के घेरे में, वरिष्ठ अधिकारी कब करेंगे जवाबदेही तय?

 

प्राइम इंडिया न्यूज़ संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली ।

 

नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के फिल्मिस्तान रोड से सामने आए एक वायरल वीडियो ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति मोबाइल फोन की आड़ में अपनी जेब से नोट निकालता दिखाई दे रहा है। वहीं, एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी उस व्यक्ति का मोबाइल अपने हाथ में लेकर अपने फोन की ओट में कुछ लेता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में दिखाई देने वाले इस घटनाक्रम ने कथित रिश्वतखोरी की आशंका पैदा कर दी है और अब इस मामले में विभागीय जवाबदेही की मांग उठ रही है।

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी सड़क पर कानून का पालन करवाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है, यदि उसी विभाग के किसी कर्मचारी की गतिविधियां इस तरह संदेह के घेरे में आ जाएं तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा? यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालान काटना पुलिस का अधिकार और कर्तव्य है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में अवैध लेन-देन की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

 

दिल्ली की सड़कों पर हजारों पुलिसकर्मी पूरी ईमानदारी और मेहनत से अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में यदि किसी कर्मचारी पर रिश्वत लेने का संदेह पैदा करने वाला वीडियो सामने आता है तो उसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी हो जाती है। किसी एक कर्मचारी की कथित गलत गतिविधि पूरे विभाग की छवि को प्रभावित कर सकती है। इसलिए इस मामले को हल्के में लेना उचित नहीं होगा।

 

अब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित डीसीपी ट्रैफिक से सवाल है कि क्या इस वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी? क्या वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी की पहचान कराई जाएगी? क्या पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होगी और यदि रिश्वत लेने के तथ्य प्रमाणित होते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी?

 

यह मामला किसी को बिना जांच दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि वर्दी की गरिमा और कानून के प्रति जनता के विश्वास को बनाए रखने का है। वर्दी कानून की ताकत का प्रतीक है, भ्रष्टाचार की ढाल नहीं। यदि कोई कर्मचारी वर्दी की आड़ में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो पूरे विभाग में स्पष्ट संदेश दे।

 

सड़क पर आम नागरिक से कानून का हिसाब मांगने वाली पुलिस से जनता का भी एक सवाल है

अगर वर्दी पर ही सवाल उठें तो उसका जवाब कौन देगा? अब देखना होगा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आला अधिकारी इस वायरल वीडियो पर कितनी गंभीरता दिखाते हैं और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।

More Stories

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.