November 13, 2026

भारतीय समाज में संतान का क्या महत्व है? क्या यह माता पिता के लिए जीवनपर्यंत कर्तव्य निर्वहन के पात्र होते हैं या उनका माता पिता के प्रति भी कोई कर्तव्य होता है?

भारतीय समाज में संतान का क्या महत्व है? क्या यह माता पिता के लिए जीवनपर्यंत कर्तव्य निर्वहन के पात्र होते हैं या उनका माता पिता के प्रति भी कोई कर्तव्य होता है?65 वर्षीय सुशील कुमार सिंह को कभी यह अहसास नहीं रहा होगा कि उन्हें मृत्यु उपरांत बच्चे अंतिम संस्कार करने के लिए भी उपलब्ध नहीं होंगे।राजा दशरथ ने श्रवण कुमार के माता-पिता के इस श्राप कि उन्हें ‘पुत्र वियोग में प्राण त्यागने के लिए एक अदद् पुत्र की प्राप्ति तो हो’ खुशी खुशी न केवल स्वीकार किया बल्कि उनका उपकार भी माना। क्या पुत्र या पुत्री इतने आवश्यक होते हैं? सुशील कुमार सिंह तेल रिफाइनरी में नौकरी के लिए कभी मध्य प्रदेश के सिंगरौली से आकर पानीपत बस गए थे। भाग्य या दुर्भाग्य से उनके यहां पांच बेटियों ने जन्म लिया। उनमें से तीन ब्याहता हैं।दो अविवाहित पुत्री और बीमार पत्नी भी उनसे दूर रहते हैं।वे स्वयं पानीपत के गांव ददलाना स्थित राधा स्वामी कॉलोनी में अकेले रहते थे।दो दिन पहले सीने में दर्द उठने से उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस कार्रवाई और शव के अंत्यपरीक्षण(पोस्टमार्टम) के बाद उनके अंतिम संस्कार का प्रश्न उत्पन्न हुआ। पांच पुत्री और तीन दामादों के पिता के लिए अंतिम संस्कार कोई समस्या कैसे हो सकती है। परंतु सूचना मिलने और आवागमन के किराए की व्यवस्था करने के प्रस्ताव के बावजूद कोई पुत्री और कोई दामाद उनके अंतिम संस्कार हेतु आने को तैयार नहीं हुए। प्रोद्योगिकी का जमाना है। सबने वीडियो कॉल पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया देखी।हो सकता है कि सुशील कुमार सिंह ऐसी कोई भौतिक संपत्ति न छोड़ पाए हों जिसके लिए उनकी संतानें उत्तराधिकारी बन पातीं। तो क्या पिता पीछे कुछ संपत्ति छोड़ जाने का नाम है?हो सकता है कि उनके अपनी संतानों से अच्छे संबंध न रहे हों। तो क्या पिता केवल अच्छे संबंधों का नाम है?मृतक के लिए उसकी मृत देह का कोई महत्व नहीं होता।उसे जलाया जाए, दफनाया जाए या जल प्रवाहित कर दिया जाए, क्या अंतर पड़ता है।मरने के बाद कौन देखने आता है कि किसने उसे कंधा दिया, कौन उसकी शवयात्रा में शामिल हुआ और किसने अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। यह जीवित लोगों के चोचले हैं, मृतक का इन सबसे क्या वास्ता। परंतु जीवित लोगों के बीच पांच पुत्रियों और तीन दामादों के भरे-पूरे परिवार वाले व्यक्ति की लावारिस मौत एक सवाल बन ही जाती है।

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.