उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से छेड़खानी करने के आरोपी की पहचान भूरा उर्फ कामिल के रूप में हुई है। घटना खतौली कस्बे की बताई जा रही है

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला से छेड़खानी करने के आरोपी की पहचान भूरा उर्फ कामिल के रूप में हुई है। घटना खतौली कस्बे की बताई जा रही है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज में महिला गली से अपने घर की ओर जाती दिखाई दे रही है। इसी दौरान पीछे से आ रहा युवक दौड़कर महिला के पास पहुंचता है और उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करता है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
बताया जा रहा है कि घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।
खतौली पुलिस ने भूरा उर्फ कामिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जब आरोपी को पकड़कर थाने ले जा रही थी, तब वह लंगड़ाकर चलता दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
