जनगणना-2027 के आंकड़ों की त्रुटियां तीन दिनों में करें दूर त्रुटिरहित आंकड़ों के साथ जारी होगी जिला जनगणना पुस्तिका : जिला सांख्यिकी पदाधिकारी

जनगणना-2027 के आंकड़ों की त्रुटियां तीन दिनों में करें दूर
त्रुटिरहित आंकड़ों के साथ जारी होगी जिला जनगणना पुस्तिका : जिला सांख्यिकी पदाधिकारी
मोतिहारी | अनिल कुमार
समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. राधाकृष्ण भवन में सोमवार को भारत की जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना पुस्तिका (DCHB) के निर्माण कार्य को लेकर जिले के सभी चार्ज अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने की।
बैठक में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने कहा कि जिला जनगणना पुस्तिका में जिले से संबंधित आंकड़े त्रुटिरहित एवं अद्यतन रूप में जारी किए जाएंगे। प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ चार्ज में आंकड़ों से संबंधित विसंगतियां सामने आई हैं। इन सभी त्रुटियों को निर्धारित समय सीमा में दूर करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ स्थानों पर वर्ष 2011 में आबाद रहे ग्राम को वर्ष 2027 में गैर-आबाद दर्शाया गया है। वहीं, कुछ आबाद ग्रामों में परिवारों की संख्या शून्य अंकित की गई है। बेचिरागी ग्राम में परिवारों की संख्या दर्ज करने, ग्राम का स्टेटस नहीं दर्शाने तथा सरकारी प्री-प्राइमरी स्कूल (नर्सरी, यूकेजी, केजी) से संबंधित आंकड़ों में भी त्रुटियां पाई गईं।
इसके अलावा क्षेत्रफल एवं सिंचित भूमि को शून्य दर्शाने, गैर-कृषि क्षेत्र का गलत आकलन, बिजली आपूर्ति की स्थिति शून्य अंकित करने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल स्रोत, नदी-तालाब तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत क्षेत्र कवरेज से संबंधित आंकड़ों में भी विसंगतियां सामने आईं।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी चार्ज त्रुटियों को दूर कर अद्यतन एवं शुद्ध आंकड़े तीन दिनों के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि के बाद भी किसी चार्ज में विसंगति पाए जाने पर संबंधित चार्ज की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में निदेशालय के नोडल अधिकारी शकील अहमद, कोषांग के प्रधान सहायक गोपाल जी मिश्रा, प्रबंधन कोषांग से अमरेश कुमार, कमलेश कुमार सिंह, वशीम परवेज, अभिजीत कुमार, कुणाल चौबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
