देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक सेवा के रजत जयंती अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान का आज विधिवत आगाज हो गया।

*सेवा संकल्प अभियान की व्यवहारिकता*
********
प्रशांत कुमार प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता ।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक सेवा के रजत जयंती अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान का आज विधिवत आगाज हो गया। भाजपा ने देशभर में तो भाजपा शासित राज्यों में राज्य सरकारों ने भी इस अभियान को कर्तव्य की भांति पूरे जोश और उल्लास से शुरू किया। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय पर पुष्प सज्जा के साथ एक हजार मिट्टी के दीपक जलाकर इस अभियान में अपना गिलहरी योगदान दिया। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक प्राधिकरण ने मुख्यालय समेत पांच स्थानों क्रमशः मेडिकल डिवाइस पार्क, सेक्टर 22 डी कार्यालय से लेकर वृंदावन स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक पर दीपक प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान का उत्सव मनाया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भी कई स्थानों पर साफ सफाई और दीपक जलाकर सेवा के संकल्प को प्रदर्शित किया। नोएडा के अंतरराज्यीय बस अड्डे पर एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक पंकज सिंह और क्षेत्रीय सांसद डॉ महेश शर्मा ने प्रतीकात्मक रूप से झाडू लगाकर सेवा संकल्प अभियान को धार दी। नेताओं का काम भी यही है।वे सड़क नहीं बुहारते, सड़क बुहारने का संदेश देते हैं। इस संदेश को अमल में कौन लाता है?मोरना स्थित यह बस अड्डा बहुत व्यस्त रहता है। यहां से विभिन्न स्थानों को प्रतिदिन सैकड़ों बसों का संचालन होता है। दिनभर बस से यात्रा करने वाले लोगों का मेला जैसा लगा रहता है। इससे वहां स्वाभाविक रूप से गंदगी जन्म लेती है। एक करोड़ रुपए से सालाना से अधिक शुद्ध आय देने वाले इस बस अड्डे पर सफाई व्यवस्था राम भरोसे रहती है। विधायक और सांसद ने संभवतः इसी कारण सेवा संकल्प अभियान के लिए इस स्थान का चयन किया होगा। कार्यक्रम संपन्न होने और सांसद विधायक के प्रस्थान करने के बाद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने असल में सेवा संकल्प अभियान चलाया।ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने स्वयं बस अड्डा परिसर में झाड़ू लगाकर वास्तव में सफाई करके दिखाई। उन्होंने बताया कि उनके पिताजी ने संस्कार में उन्हें सफाई कैसे की जाती है, यह भी सिखाया था। क्या सेवा संकल्प अभियान के एक महीने में ऐसे ही सार्वजनिक स्थानों पर वास्तव में सफाई देखने को मिल सकती है? यदि इसके आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक निहितार्थ भी हों तो भी यह नागरिकों के सिविक सेंस को जाग्रत करने का एक बड़ा अवसर हो सकता है।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट www.nekdristi.com देखें)
