मुड़मा के शक्ति खूंटा में पूजा-अर्चना कर सन्नी टोप्पो ने संभाली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी**

- मुड़मा के शक्ति खूंटा में पूजा-अर्चना कर सन्नी टोप्पो ने संभाली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी ।
**सुनील कुमार प्राइम इंडिया न्यूज़ मांडर।** भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने बुधवार को शपथ ग्रहण से पहले ऐतिहासिक मुड़मा जतरा स्थित शक्ति खूंटा में माथा टेका। पहान की अगुवाई में पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर उन्होंने आशीर्वाद लिया।
इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ हजारों समर्थकों ने आशीर्वाद यात्रा निकाली। यात्रा हरमू मैदान से होते हुए प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सन्नी टोप्पो ने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उनका अभिनंदन भी किया गया।
समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, पूर्व सांसद समीर उरांव व सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, रामकुमार पाहन तथा पाहन जगलाल पाहन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद सन्नी टोप्पो ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना तथा जनजातीय समाज के हक-अधिकार, शिक्षा, रोजगार और संस्कृति की रक्षा के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
