September 19, 2026

मानव तस्करी व बाल श्रम पर सख्ती, सीमा से लेकर रेलवे स्टेशन तक 24 घंटे निगरानी के निर्देश ।

मानव तस्करी व बाल श्रम पर सख्ती, सीमा से लेकर रेलवे स्टेशन तक 24 घंटे निगरानी के निर्देश ।

मानव तस्करी व बाल श्रम पर सख्ती, सीमा से लेकर रेलवे स्टेशन तक 24 घंटे निगरानी के निर्देश ।

रक्सौल बॉर्डर, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंडों पर AHTU, SSB, RPF, GRP और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर ।

 

मोतिहारी | संवाददाता

 

पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित एनआईसी में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (मानव व्यापार निवारण) एवं जिला बाल संरक्षण समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानव तस्करी एवं बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाने के साथ बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सुरक्षित पुनर्वास को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

जिले की भारत-नेपाल सीमा से सटी संवेदनशीलता को देखते हुए रक्सौल बॉर्डर, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर 24 घंटे विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसएसबी, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने को कहा गया।

 

बैठक में होटल, ढाबा, ईंट-भट्ठा, छोटी फैक्ट्रियों समेत अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बाल श्रम के खिलाफ नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बाल श्रम अथवा मानव तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई।

 

रेस्क्यू किए गए बच्चों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा, काउंसलिंग तथा सुरक्षित पुनर्वास उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। चाइल्ड हेल्प डेस्क एवं हेल्पलाइन को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला बाल संरक्षण इकाई के अधीन संचालित बाल गृहों में सुरक्षा, आवास, भोजन और शिक्षा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मानव तस्करी और बाल श्रम गंभीर अपराध हैं तथा बच्चों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में डीएसपी मुख्यालय, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई, AHTU के अधिकारी, एसएसबी, आरपीएफ एवं जीआरपी के प्रतिनिधि, बाल कल्याण समिति के सदस्य, श्रम विभाग के पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.