त्रिलोकपुरी के सफाईकर्मी की मौत पर AAP पार्षद के खिलाफ FIR, 15 लाख के लोन को लेकर उठे गंभीर सवाल

त्रिलोकपुरी के सफाईकर्मी की मौत पर AAP पार्षद के खिलाफ FIR, 15 लाख के लोन को लेकर उठे गंभीर सवाल ।
मौत से पहले आर्थिक दबाव के आरोप, बैंक रिकॉर्ड से लेकर वेतन और दस्तावेजों तक पुलिस खंगाल रही पूरी कड़ी
प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली ।
नई दिल्ली। त्रिलोकपुरी में नगर निगम के सफाईकर्मी दीपक की आत्महत्या के मामले ने स्थानीय स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कल्याणपुरी थाना पुलिस ने 14 सितंबर 2026 को वार्ड-192, त्रिलोकपुरी ईस्ट के AAP पार्षद विजय कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पत्नी की शिकायत के अनुसार, दीपक परिवार के लिए मकान खरीदना चाहते थे और करीब 15 लाख रुपये के लोन से जुड़ा मामला पार्षद के सामने आया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोन की रकम दीपक को मिलने के बजाय पार्षद के कब्जे में चली गई। शिकायत में बैंक पासबुक, चेकबुक, पहचान संबंधी दस्तावेज और संपत्ति के कागजात अपने पास रखने तथा रकम और वेतन को लेकर दबाव बनाए जाने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत में यह भी आरोप है कि दीपक का वेतन कई महीनों से नहीं मिला था और जब उन्होंने लोन की रकम तथा वेतन को लेकर सवाल उठाए तो कथित तौर पर उन पर दबाव बनाया गया। पुलिस अब बैंक खातों, लोन से जुड़े दस्तावेज, चेकबुक, वेतन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
वहीं पार्षद विजय कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि उन्होंने किसी कर्मचारी को लोन नहीं दिलाया तथा उन्हें गलत तरीके से मामले में फंसाया जा रहा है। ऐसे में पूरे मामले में आरोप और बचाव—दोनों पक्ष पुलिस जांच के दायरे में हैं।
अब असली सवाल यही है कि 15 लाख रुपये के लोन की रकम वास्तव में किस खाते में गई, उस रकम का इस्तेमाल किसने किया, दीपक के वेतन से जुड़े रिकॉर्ड क्या कहते हैं और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है? इन सवालों का जवाब बैंक रिकॉर्ड और पुलिस जांच से सामने आएगा।
