इलाज के अभाव में पारा शिक्षक जागेश्वर टुडू का निधन, शिक्षकों ने जताया शोक

इलाज के अभाव में पारा शिक्षक जागेश्वर टुडू का निधन, शिक्षकों ने जताया शोक ।
गांडेय प्रखंड अंतर्गत ताराटांड़ संकुल के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कोलडीहा में पदस्थापित 52 वर्षीय पारा शिक्षक (सहायक अध्यापक) जागेश्वर टुडू का शुक्रवार सुबह 8 बजे निधन हो गया। वे ताराटांड़ थाना क्षेत्र के लुटोरी गांव के निवासी थे।
परिजनों के अनुसार, वे पिछले चार-पांच दिनों से बीमार चल रहे थे। पिछले दो-तीन महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी के चलते समुचित इलाज नहीं हो सका और पैसे के अभाव में उन्होंने दम तोड़ दिया। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं।
वहीं प्रखंड शिक्षा प्रसार विभाग के बी पी ओ के. डी सिंह ने दूरभाष पर बताया की मानदेय सहायक शिक्षक जागेसर टुडू का अन्य शिक्षकों की तरह समय पर उन्हें भी मिल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही गांडेय शिक्षा विभाग और शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। दर्जनों शिक्षक उनके पैतृक आवास पहुंचे और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र मंडल के नेतृत्व में शिक्षकों ने तत्काल आर्थिक सहयोग राशि एकत्रित कर दिवंगत शिक्षक की पत्नी को सौंपी।
शिक्षकों ने सरकार से पीड़ित परिवार को अविलंब अनुकंपा के आधार पर नौकरी, पेंशन तथा ईपीएफ की राशि भुगतान करने की मांग की। मौके पर टुनटुन रवानी, मोती प्रसाद वर्मा, मोहन सिंह, चंद्रदेव मंडल, रोहित मंडल, मुख्तार अंसारी, टीपन मंडल, दशरथ पंडित, छक्कू साव, डमरूलाल मरांडी समेत दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे।
