बाढ़ ने छीना अनाथ बच्चों का आशियाना, सपा नेताओं ने बढ़ाए मदद के हाथ, राशन और घरेलू जरूरत का सामान पहुंचाकर परिवार को दिया सहारा ।

बाढ़ ने छीना अनाथ बच्चों का आशियाना, सपा नेताओं ने बढ़ाए मदद के हाथ, राशन और घरेलू जरूरत का सामान पहुंचाकर परिवार को दिया सहारा ।
फर्रुखाबाद। विकासखंड बढ़पुर के ग्राम बसेली में बाढ़ और बारिश ने एक परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जयप्रकाश पाण्डेय का कच्चा मकान बारिश के दौरान ढह गया। जयप्रकाश के बेटे और बहू की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब वह अपने एक पोते और एक पोती के साथ जीवन गुजार रहे हैं। मकान ढहने के बाद बच्चों के सामने रहने के साथ-साथ भोजन और राशन की भी समस्या खड़ी हो गई।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला संगठन को अवगत कराया। सूचना पर निवर्तमान जिला महासचिव इलियास मंसूरी, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी गांव पहुंचे। सपा नेताओं ने परिवार को राशन सहित घरेलू जरूरत का सामान उपलब्ध कराया।
निवर्तमान जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि परिवार की स्थिति बेहद कठिन है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे जरूरतमंद परिवार की मदद करने की अपील की। वहीं जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने परिवार को भरोसा दिलाया कि यदि प्रशासन या सरकार की ओर से मकान बनवाने की व्यवस्था नहीं होती है तो वह स्वयं मकान निर्माण की जिम्मेदारी उठाएंगे और बच्चों के लिए आशियाना तैयार कराने का प्रयास करेंगे।
