November 28, 2026

फतेहपुरी चौक पर चली गोली से दहला पुरानी दिल्ली का बाजार, 20 वर्षीय युवक घायल ।

फतेहपुरी चौक पर चली गोली से दहला पुरानी दिल्ली का बाजार, 20 वर्षीय युवक घायल ।

 

लड़कों के दो गुटों में कहासुनी के बाद फायरिंग की आशंका, पैर के अंगूठे में लगी गोली; LNJP अस्पताल में भर्ती, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

प्राइम इंडिया न्यूज़ संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली ।

 

नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी इलाके में बुधवार रात गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। फतेहपुरी चौक के पास हुई फायरिंग में करीब 20 वर्षीय एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। गोली युवक के पैर के अंगूठे में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार घायल युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ लड़कों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान एक राउंड फायरिंग की गई, जिसमें युवक गोली लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लाहौरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उत्तरी जिला पुलिस की डीसीपी निहारिका भट्ट सहित पुलिस टीम ने मामले की जानकारी ली। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए।

 

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान और विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.