पंकज गोप हत्याकांड: 15 दिनों में खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी भाजपा ।

पंकज गोप हत्याकांड: 15 दिनों में खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी भाजपा
हत्याकांड के दो सप्ताह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा तिरुलडीह थाना, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
नौशाद अली / प्राइम इंडिया न्यूज़ संवाददाता, ईचागढ़
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत तिरुलडीह थाना क्षेत्र के छोटालापांग गांव में 10 नवंबर 2026 को हुए पंकज गोप हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं होने से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। हत्या के करीब दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मंत्री पप्पू वर्मा के नेतृत्व में तिरुलडीह थाना पहुंचा और पुलिस से हत्याकांड का शीघ्र उद्भेदन करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। भाजपा नेताओं ने मामले की जांच में तेजी लाने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान जिला मंत्री पप्पू वर्मा और भाजपा नेता खगेन महतो ने पुलिस से आग्रह किया कि वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा जांच के दौरान किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बेवजह परेशान या मामले में नहीं फंसाया जाए। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेत्री सारथी महतो, भाजपा नेता खगेन महतो, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, कुकड़ू मंडल अध्यक्ष सुमन मुखर्जी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर पंकज गोप हत्याकांड का खुलासा कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आगे की रणनीति तय कर आंदोलन करने को बाध्य होगी।
