जामा मस्जिद थाने में खाकी पर चाकू से खूनी हमला! 5 पुलिसकर्मियों को घायल कर फरार हुआ आरोपी, पीछा करने पहुंची पुलिस टीम पर भी किया जानलेवा वार; जवाबी कार्रवाई में पैरों में लगीं 6 गोलियां।

जामा मस्जिद थाने में खाकी पर चाकू से खूनी हमला! 5 पुलिसकर्मियों को घायल कर फरार हुआ आरोपी, पीछा करने पहुंची पुलिस टीम पर भी किया जानलेवा वार; जवाबी कार्रवाई में पैरों में लगीं 6 गोलियां।
दिल्ली में कानून के रखवालों को ही बनाया निशाना, थाने के अंदर से लेकर चितली कबर तक मचा हड़कंप; दो अलग-अलग हमलों में 9 पुलिसकर्मी घायल
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन के भीतर काउंसलिंग के लिए बुलाए गए करीब 30 वर्षीय युवक ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए एक आम नागरिक से स्कूटर छीन लिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, काला महल, जामा मस्जिद निवासी नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। शिकायत में परिजनों ने आरोप लगाया था कि वह उन्हें परेशान कर रहा है। पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और थाने के अंदर मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र को गंभीर चोटें आईं, जबकि एएसआई श्री कृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत भी घायल हो गए। सभी पांचों घायलों को उपचार के लिए सर गंगा राम अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कबर के पास आरोपी को घेर लिया। शाम करीब 4:30 बजे उसे पकड़ने का प्रयास किया गया तो आरोपी ने एक बार फिर चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। चारों को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के लगातार हमले और गंभीर खतरे को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कुल आठ राउंड फायर किए गए और सभी गोलियां कमर के नीचे चलाई गईं। इनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज हुआ था।
इस पूरी घटना में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हमलों में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जामा मस्जिद और चांदनी महल थानों में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
