November 25, 2026

बहन ने किडनी देकर भाई को दिया नया जीवन, त्याग और प्रेम की मिसाल बनीं लीलावती ।

बहन ने किडनी देकर भाई को दिया नया जीवन, त्याग और प्रेम की मिसाल बनीं लीलावती ।

बहन ने किडनी देकर भाई को दिया नया जीवन, त्याग और प्रेम की मिसाल बनीं लीलावती

 

बैंगलोर में सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद घर लौटीं बहन और भाई, खारियो स्टेशन पर गाजे-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत

 

नौशाद अली/ प्राइम इंडिया न्यूज़

 

तोपचांची: भाई-बहन के अटूट प्रेम, त्याग और मानवता की अनूठी मिसाल तोपचांची प्रखंड के चैता पंचायत अंतर्गत केशलपुर गांव में देखने को मिली। भाई की जिंदगी बचाने के लिए बहन ने अपनी किडनी दान कर उसे नया जीवन दिया। लीलावती कुमारी के इस साहसिक फैसले ने पूरे क्षेत्र का दिल जीत लिया है।

केशलपुर निवासी शिवलाल किस्कू (मांझी) के पुत्र योगेंद्र किस्कू पिछले कई महीनों से गंभीर किडनी रोग से जूझ रहे थे। बैंगलोर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी। परिवार के सामने विकट परिस्थिति उत्पन्न हो गई थी। ऐसे मुश्किल समय में योगेंद्र की बहन लीलावती कुमारी ने अपनी किडनी दान करने का फैसला लिया। आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक किडनी प्रत्यारोपण किया। इसके बाद दोनों बैंगलोर से स्वस्थ होकर अपने गांव लौटे।

उनके घर लौटने की खबर मिलते ही खारियो स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल बन गया। सोनोत संताल समाज केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गाजे-बाजे के साथ लीलावती और उनके परिवार का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लीलावती को पारंपरिक अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

समाज के केंद्रीय कोषाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने कहा कि लीलावती ने अपने भाई की जान बचाने के लिए जो त्याग किया है, वह पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व की बात है। वहीं, समाज के संरक्षक रमेश टुडू ने कहा कि लीलावती का साहस और समर्पण समाज की हर बेटी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित कर दिया कि रिश्तों की मजबूती और मानवता से बढ़कर कुछ नहीं है।

इस भावुक पल के गवाह बनने के लिए खारियो स्टेशन पर रमेश टुडू, रतिलाल टुडू, अनिल टुडू, महालाल सोरेन, शंकर हेम्ब्रम, भुनेश्वर किस्कू, जीवन टुडू, महानंद किस्कू, छोटेलाल टुडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने योगेंद्र किस्कू के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने और दीर्घायु जीवन की कामना की।

बहन के इस निस्वार्थ त्याग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भाई-बहन का रिश्ता केवल खून का नहीं, बल्कि त्याग, विश्वास और जीवन समर्पण का रिश्ता है।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.