मतदाता जोड़ो अभियान-2026 का शंखनाद, प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में गाजियाबाद महानगर की सहभागिता !

*मतदाता जोड़ो अभियान-2026 का शंखनाद, प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में गाजियाबाद महानगर की सहभागिता !
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित वरिष्ठ नेताओं ने दिया मार्गदर्शन, बूथ स्तर तक पात्र मतदाताओं को जोड़ने की बनी रणनीति*
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा प्रियदर्शिनी प्रतिष्ठान में मतदाता जोड़ो अभियान-2026 को लेकर प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना एवं सहकारिता मंत्री श्री जेपीएस राठौर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के बीएलए-1, जिला एवं महानगर अध्यक्षों, अभियान संयोजकों तथा संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। गाजियाबाद महानगर से भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल के नेतृत्व में महानगर संयोजक श्री अमित रंजन, मुरादनगर विधानसभा के बीएलए-1 एवं पार्षद प्रदीप चौधरी, शहर विधानसभा के बीएलए-1 श्री बलराम रावल तथा साहिबाबाद विधानसभा के बीएलए-1 श्री देवेंद्र गिरी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकतांत्रिक पारदर्शिता पर दिया जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता और शुचिता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से भ्रामक प्रचार से विचलित हुए बिना तथ्यों और संवैधानिक प्रक्रिया के आधार पर जनता के बीच पहुंचने का आह्वान किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का किया आह्वान
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने संगठन की शक्ति को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा, समन्वय और समर्पण के साथ अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं।
सुरेश खन्ना ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बताया आवश्यक
वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण तथा प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अभियान को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का संदेश दिया।
जेपीएस राठौर ने प्रस्तुत की अभियान की रूपरेखा
सहकारिता मंत्री श्री जेपीएस राठौर ने मतदाता जोड़ो अभियान की विषय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 से 18 नवंबर तक जिला एवं महानगर स्तर पर, 19 से 21 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर तथा 22 से 24 नवंबर तक प्रत्येक बूथ पर अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त 28 से 30 नवंबर तक महिला मतदाता जोड़ो अभियान तथा 1 से 3 दिसंबर तक युवा मतदाता जोड़ो अभियान संचालित किया जाएगा।
कार्यशाला में फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने, महिला एवं युवा मतदाताओं को अभियान से जोड़ने तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक नियमित मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। भाजपा संगठन ने आपसी समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनभागीदारी के साथ मतदाता जोड़ो अभियान-2026 को प्रदेशव्यापी स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया।
प्रदीप चौधरी
पार्षद / महानगर कार्यसमिति सदस्य
भारतीय जनता पार्टी, गाजियाबाद
बीएलए-1, मुरादनगर विधानसभा
