October 1, 2026

DM, नगर आयुक्त और CDO ने किया रात्रिकालीन निरीक्षण, दीपावली से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश ।

DM, नगर आयुक्त और CDO ने किया रात्रिकालीन निरीक्षण, दीपावली से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश ।

*DM, नगर आयुक्त और CDO ने किया रात्रिकालीन निरीक्षण, दीपावली से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश*

 

_संवाददाता: राजन साहू, कानपुर_

 

*कानपुर।* जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने मंगलवार देर रात प्रशासन, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम के साथ शहर का रात्रिकालीन निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान प्रमुख मार्गों, क्षतिग्रस्त सड़कों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों को सफाई और सड़क सुधार के कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए गए।

 

पीडब्ल्यूडी ने करीब 73 सड़कों को मरम्मत के लिए चिह्नित किया है, जबकि नगर निगम करीब 500 सड़कों पर रिपेयर और लेयरिंग का कार्य कराएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से अगले 20 से 25 दिनों में, दीपावली से पहले सड़क सुधार कार्य पूरा करें। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन में हॉट मिक्स प्लांट शुरू होने के बाद सुदृढ़ीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि काम की गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं होगा। समय पर कार्य न होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

 

सफाई निरीक्षण के दौरान जोन-5 के फजलगंज स्थित जीवीपी प्वाइंट पर अनधिकृत रूप से कूड़ा एकत्र मिला। इस पर डीएम ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ 112 पर पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

उन्होंने जोन के 39 जीवीपी प्वाइंट को चरणबद्ध तरीके से हटाकर कूड़ा सीधे ट्रांसफर स्टेशन और पोर्टेबल कॉम्पैक्टर स्टेशन तक पहुंचाने और मुख्य मार्गों पर खुले में कूड़ा मिलने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने कहा कि दशहरा और दीपावली से पहले शहर की सफाई और सड़कों को बेहतर बनाने के लिए रात्रिकालीन निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.