पीएम मोदी देश के युवाओं से संडे को करेंगे वर्चुअल संवाद

पीएम मोदी देश के युवाओं से संडे को करेंगे वर्चुअल संवाद
नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’
कार्यक्रम के दौरान सभी युवा ‘नशामुक्ति शपथ’ ग्रहण करेंगे
देशभर के 10,000 स्थानों को एक साथ जोड़ा जाएगा
इसमें एक करोड़ से अधिक युवा भागीदारी करेंगे
अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में होगा
गुरुग्राम, 01 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (मेरा भारत) द्वारा संचालित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत 2 अगस्त रविवार को प्रातः 10:00 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के करोड़ों युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
जिला में इस कार्यक्रम का आयोजन नेहरू स्टेडियम के हॉकी ग्राउंड में आयोजन होगा तथा जिला से बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से जुड़ेंगे तथा सामूहिक रूप से नशामुक्ति संकल्प लेंगे। प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों को एक साथ जोड़ा जाएगा, जिसमें 1 करोड़ से अधिक युवा भागीदारी करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी युवा ‘नशामुक्ति शपथ’ ग्रहण करेंगे। साथ ही, इसी दिन से 100 सप्ताह के ‘संडे एंगेजमेंट प्रोग्राम’ की शुरुआत होगी, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार खेल, संस्कृति, फिटनेस एवं जनजागरूकता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। वर्तमान में मेरा भारत पोर्टल पर ऑनलाइन ई-शपथ अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें युवा नशामुक्ति का संकल्प लेकर ई-प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं। अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय नशामुक्त युवा सम्मेलन के साथ होगा।
