August 3, 2026

दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करें ।

दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करें ।

 दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करें, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाए ।

उत्तराखण्ड देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करते हैं। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जनता की अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने दायित्वधारियों से जनता के साथ संवाद एवं समन्वय बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि कहा कि जनसमस्याओं के समाधान को सक्रियता से कार्य करने के साथ ही क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर भी निरंतर नजर रखी जाए। जनता से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों एवं समस्याओं को संबंधित विभागों और शासन के संज्ञान में लाकर उनके त्वरित समाधान के प्रयास किए जाएं।

मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए दायित्वधारियों के से भेंट कर उनसे प्रदेश के विकास, जनकल्याण एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों सहित संगठनात्मक विषयों पर संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प है कि विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इस लक्ष्य की प्राप्ति में दायित्वधारियों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने दायित्वधारियों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ सहभागिता करने काे कहा।

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए दायित्वधारियों की अलग-अलग मंडलों एवं क्षेत्रों में जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। सभी अपने निर्धारित क्षेत्रों में संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि सभी दायित्वधारी इंटरनेट मीडिया पर अपनी सक्रियता बनाए रखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावी रूप से जनता के बीच पहुंचाएं। पार्टी के कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित प्रदेश सरकार के विभिन्न आयोगों, निगमों, समितियों एवं प्राधिकरणों में दायित्व संभाल रहे दायित्वधारी उपस्थित रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.