July 31, 2026

सावन में रुद्राभिषेक और योग अनुष्ठान से मिलती है महादेव की विशेष कृपा: आचार्य ओमप्रकाश तिवारी

सावन में रुद्राभिषेक और योग अनुष्ठान से मिलती है महादेव की विशेष कृपा: आचार्य ओमप्रकाश तिवारी

मोतिहारी : सावन का पावन महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। इस पवित्र अवसर पर घर-घर में योग, जप, तप, रुद्राभिषेक एवं यज्ञ-अनुष्ठान का आयोजन करने से आध्यात्मिक शांति, सुख-समृद्धि तथा रोग-शोक से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।

आचार्य ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि सावन में भगवान शिव की उपासना विशेष फलदायी मानी गई है। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को ग्रह-नक्षत्रों की प्रतिकूलता, पारिवारिक संकट, आर्थिक कठिनाई, रोग या मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा हो, तो श्रद्धापूर्वक रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र का जाप तथा योग-अनुष्ठान करने से भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार देवर्षि नारद ने भगवान शिव से कलियुग के लोगों के रोग, शोक और संकट दूर करने के लिए सरल एवं शीघ्र फल देने वाले यज्ञ के बारे में पूछा था। तब भगवान शिव ने रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय मंत्र के जप का महत्व बताया। यही कारण है कि सावन में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है।

आचार्य तिवारी ने कहा कि इतिहास भी इस बात का साक्षी है कि वीर शासकों ने भगवान शिव की आराधना से अद्भुत आत्मबल प्राप्त किया। महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान योद्धाओं ने शिवभक्ति और एकलिंग महादेव की उपासना को अपने जीवन का आधार बनाया। शिव की कृपा से उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि इस सावन में प्रत्येक परिवार अपने घर अथवा मंदिर में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र का जाप, योग साधना एवं यज्ञ-अनुष्ठान अवश्य करें। इससे परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा तथा समाज में सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था और अधिक मजबूत होगी।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.