एसआईआर को लेकर फुरकान अंसारी का चुनाव आयोग और पीएम मोदी पर किया हमला, बोले- पहले मतदाता चुनते थे नेता, अब नेता चुन रहे मतदाता चुनाव आयुक्त ।

¤एसआईआर को लेकर फुरकान अंसारी का चुनाव आयोग और पीएम मोदी पर किया हमला, बोले- पहले मतदाता चुनते थे नेता, अब नेता चुन रहे मतदाता चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई ।
प्राइम इंडिया न्यूज / रविंद्र कुमार संवाददाता जामताड़ा :
झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक फुरकान अंसारी ने बुधवार को कोर्ट रोड स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे देश के मतदाताओं के बीच भ्रम और चिंता की स्थिति पैदा हो रही है। फुरकान अंसारी ने कहा कि पहले देश में मतदाता अपने नेता का चुनाव करते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति पैदा की जा रही है कि नेता ही मतदाताओं को चुनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग से एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों से देश के मतदाता हैं और जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनके नाम मतदाता सूची में किसने शामिल किए थे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का काम चुनाव आयोग ने नहीं किया है, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को लोकतांत्रिक अधिकार मिला है। ऐसे में पुराने मतदाताओं के नामों को लेकर सवाल खड़ा करना उचित नहीं है।फुरकान अंसारी ने कहा कि चुनाव आयोग को एसआईआर कराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और इसमें किसी भी प्रकार की प्रक्रिया ऐसी नहीं होनी चाहिए, जिससे योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हों। उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने और मतदाताओं के अधिकारों को सुरक्षित रखने की मांग की। मौके पर अजहरुद्दीन अंसारी, जिला प्रवक्ता इरशादुल हक आरसी, अभय पाण्डे, निष्पति हांसदा सहित अन्य उपस्थित थे।
