November 25, 2026

सीआरपीएफ महानिदेशक श्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने 95 बटालियन एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण ।

सीआरपीएफ महानिदेशक श्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने 95 बटालियन एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण ।

*वाराणसी ब्रेकिंग*

दिनांक -24/11/2026

*सीआरपीएफ महानिदेशक श्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने 95 बटालियन एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण*

 

*केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक श्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने आज वाराणसी स्थित 95 बटालियन का विस्तृत भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बटालियन परिसर में अधीनस्थ अधिकारी मेस के नवनिर्मित डाइनिंग हॉल का उद्घाटन किया तथा बटालियन की सुरक्षा तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं अन्य कार्यों की समीक्षा की।*

*अपने वाराणसी भ्रमण के दौरान महानिदेशक महोदय ने अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। इसके उपरांत उन्होंने सरैयता बाद, किला कोहना नमो घाट क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा सीआरपीएफ को जवानों के आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि का निरीक्षण किया तथा मौके पर उपस्थित राजस्व विभाग के अधिकारियों से भूमि से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।*

*तत्पश्चात महानिदेशक महोदय ने 95 बटालियन मुख्यालय, पहाड़िया मंडी कैंप का भ्रमण किया तथा आयोजित सैनिक सम्मेलन में अधिकारियों एवं जवानों से संवाद किया। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जवानों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान सदैव उच्च स्तर की सतर्कता, अनुशासन एवं सजगता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।*

 

*इस अवसर पर विशेष महानिदेशक श्री दीपक कुमार, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार, मध्य सेक्टर, लखनऊ; पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री संजय कुमार, रेंज चंदौली; पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री राकेश कुमार, ग्रुप केंद्र चंदौली; 95 बटालियन के कमांडेंट श्री आर. एस. बालापुरकर, श्री राजेश कुमार सिंह, श्री आलोक कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी), श्री नवनीत कुमार (उप कमांडेंट) सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।*

 

*सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए महानिदेशक महोदय ने 95 बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं व्यावसायिक दक्षता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उनके इस महत्वपूर्ण दौरे एवं मार्गदर्शन से बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों में विशेष उत्साह एवं मनोबल का संचार हुआ।*

 

*जारीकर्ता:*

*95 बटालियन,केंद्रीय रिजर्व* *पुलिस बल (CRPF)*

*पहाड़िया, वाराणसी*

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.