सात दिन का अल्टीमेटम खत्म, राजपुर चांदनी चौक प्लांट में भुगतान के लिए धरने पर बैठे ठेकेदार और ट्रक मालिक*

*सात दिन का अल्टीमेटम खत्म, राजपुर चांदनी चौक प्लांट में भुगतान के लिए धरने पर बैठे ठेकेदार और ट्रक मालिक*
राजपुर चाँदनी चौक स्थित शिलका इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट पर बीते दिनों बकाया भुगतान को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। ट्रक मालिकों ने अपनी मांगों को लेकर प्लांट परिसर में ही धरना शुरू कर दिया है, वहीं एक अन्य ठेकेदार ने भी लंबित भुगतान के लिए प्रशासन को पूर्व सूचना देकर शांतिपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई है।
मामले को लेकर आनंद जी, M/S अनामी, जय विहार कॉलोनी, भागलपुर ने जिला पदाधिकारी, मधेपुरा को आवेदन देकर पूर्व सूचना दी है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक मधेपुरा, DSP मधेपुरा और भर्राही थाना प्रभारी को भी दी गई है।
नीरज चौधरी ने कहा कि उन्होंने M/S अनामी के माध्यम से शिलका इंफ्रा के लिए कार्य किया था, जिसका भुगतान लंबे समय से लंबित है। इस संबंध में 11 सितम्बर को रुद्र कंस्ट्रक्शन के आलोक जी द्वारा भी DM, SP, DSP और भर्राही थाना को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी गई थी। अन्य प्रदर्शनकारियों ने बताया कि विगत 21 सितंबर को जब वे प्लांट पर गए थे तो कंपनी के शीर्ष पदाधिकारी श्री सत्येंद्र विद्यार्थी से दूरभाष पर बात हुई थी और उन्होंने सात दिनों में समाधान का आश्वासन दिया था। जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है। 28 सितंबर को सात दिन की अवधि पूरी होने और कोई संपर्क न होने के बाद उन्होंने 29 सितम्बर को पुनः शांतिपूर्ण तरीके से प्लांट पर उपस्थित होने का निर्णय लिया।उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सहयोग की मांग की है और स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ नहीं, बल्कि वैध बकाया की मांग है।वहीं दूसरी ओर ट्रक मालिकों ने भी अपने बकाए को लेकर प्लांट में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।उनका कहना है कि जब तक भुगतान नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।
इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
