बीजेपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी है। इसके साथ ही कुछ गुत्थियां भी हैं जिन्हें वह चुनाव से पहले सुलझाना चाहती है।

बीजेपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी है। इसके साथ ही कुछ गुत्थियां भी हैं जिन्हें वह चुनाव से पहले सुलझाना चाहती है। इन गुत्थियों को सुलझाने का जिम्मा पार्टी ने प्रदेश सह प्रभारियों को सौंपा है। वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच जा रहे हैं। उनके मन की बात सुन रहे हैं। यदि समस्या स्थानीय स्तर पर है तो आपसी समन्वय से उसे सुलझा रहे हैं। वे एक-एक बात को नोट कर रहे हैं। इसी महीने 30 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट देंगे, ताकि बड़ी चुनौतियों का समाधान उच्च स्तर से किया जा सके।
बीजेपी के अंदर आपसी मतभेद, जातीय गोलबंदी, कार्यकर्ताओं में असंतोष जैसी बातें काफी समय से सामने आ रही हैं। इसका फीडबैक शीर्ष नेतृत्व तक है। यही वजह है कि पिछले दिनों चुनाव तैयारियों के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह तक की बैठकों में ये बातें उठीं। अब चुनाव नजदीक है। चुनावी रैलियां और प्रत्याशियों का चयन होना है। उससे पहले ये समस्याएं दूर न हुईं तो मुश्किल हो सकती है। इसी को ध्यान में रखकर सह प्रभारियों को समस्याएं समझने और सुलझाने के लिए लगाया गया है।
