November 28, 2026

टोपी फाड़ने की रंजिश में खूनखराबा! 14 वर्षीय किशोर पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला, 15 साल का नाबालिग पुलिस की गिरफ्त में ।

टोपी फाड़ने की रंजिश में खूनखराबा! 14 वर्षीय किशोर पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला, 15 साल का नाबालिग पुलिस की गिरफ्त में ।

 

प्राइम इंडिया न्यूज़ संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली ।

 

खजूरी खास। दिल्ली में छोटी-छोटी बातों पर पनप रही दुश्मनी अब किशोरों को भी हिंसा के रास्ते पर ले जा रही है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते 14 वर्षीय किशोर पर बटनदार चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अल-शिरीन मस्जिद के पास हुई इस वारदात में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद JPC अस्पताल से GTB अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

वारदात की सूचना मिलते ही खजूरी खास थाना पुलिस हरकत में आई और तेजी से कार्रवाई करते हुए हमले में कथित रूप से शामिल 15 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

 

प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले दोनों किशोरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पीड़ित द्वारा आरोपी की टोपी फाड़े जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना को लेकर आरोपी के मन में नाराजगी थी और कथित तौर पर उसने बदला लेने के इरादे से चाकू से हमला कर दिया।

 

इस घटना ने एक बार फिर किशोरों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और छोटी-छोटी बातों पर हथियार उठाने की मानसिकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज एक टोपी फाड़ने की रंजिश का चाकूबाजी तक पहुंचना चिंता का विषय है। फिलहाल खजूरी खास थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय कानून सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.