जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद व्यापारियों की लड़ाई के लिए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन ।

जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद व्यापारियों की लड़ाई के लिए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कहा—दुकानदारों के पास रजिस्ट्री, किरायानामा, किराया रसीद व अन्य दस्तावेज मौजूद, बिना वैकल्पिक व्यवस्था के व्यापारियों को उजाड़ना न्यायसंगत नहीं
गाजियाबाद/
मोदीनगर, 10 सितंबर 2026।
मोदीनगर में गाजियाबाद-सहारनपुर रेलवे लाइन पर प्रस्तावित फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण से प्रभावित महाकाली मार्केट, इंदिरा कॉम्प्लेक्स एवं राजा कॉम्प्लेक्स, हापुड़ रोड के व्यापारियों की समस्या को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों के हितों की रक्षा की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष कहा कि इन बाजारों में अनेक व्यापारी पिछले लगभग 40 से 50 वर्षों से अपनी दुकानें संचालित कर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। इनमें से अनेक दुकानदार वैध किरायेदार के रूप में लंबे समय से व्यापार कर रहे हैं और उनके पास किराया नामा, किराया रसीद, बिजली बिल तथा अन्य संबंधित दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके बावजूद विकास कार्यों की प्रक्रिया में उनकी दुकानों के उजड़ने से व्यापारियों और उनके परिवारों के सामने रोजगार एवं आजीविका का गंभीर संकट पैदा हो गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों के विरोध में नहीं है। रेलवे ओवरब्रिज अथवा अन्य जनहित के विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन विकास की कीमत किसी गरीब, छोटे या मध्यम व्यापारी की पूरी आजीविका उजाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए। वर्षों से दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले व्यापारियों को अचानक बेरोजगार छोड़ देना सामाजिक एवं न्यायसंगत दृष्टि से उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों को हटाना आवश्यक है तो प्रशासन की पहली जिम्मेदारी प्रभावित व्यापारियों का सर्वे कराकर उनकी वास्तविक स्थिति और दस्तावेजों का परीक्षण करना तथा उचित मुआवजा एवं सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करना होना चाहिए। व्यापारियों को सड़क पर छोड़कर केवल निर्माण कार्य आगे बढ़ाना स्वीकार्य नहीं होगा।
ज्ञापन में कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि प्रभावित व्यापारियों के लिए सामूहिक वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। उन्हें ऐसी वैकल्पिक दुकानें अथवा उपयुक्त व्यवसायिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, जहां वे अपना कारोबार पुनः स्थापित कर सकें। साथ ही विस्थापन से होने वाले आर्थिक नुकसान के लिए उचित आर्थिक सहायता/मुआवजा प्रदान किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि—
प्रभावित सभी दुकानदारों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराया जाए।
दुकानदारों के किराया नामा, किराया रसीद, बिजली बिल एवं अन्य दस्तावेजों को रिकॉर्ड में शामिल कर उनके वैधानिक अधिकारों का संरक्षण किया जाए।
वैकल्पिक व्यवसायिक स्थल उपलब्ध कराए बिना किसी व्यापारी को उजाड़ने या दुकान हटाने की कार्रवाई न की जाए।
प्रभावित व्यापारियों को उनकी आजीविका के नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता दी जाए।
सभी प्रभावित दुकानदारों के लिए सामूहिक एवं व्यवस्थित पुनर्वास योजना तैयार की जाए।
प्रशासन, रेलवे विभाग एवं प्रभावित व्यापारियों के बीच बैठक कर उनकी आपत्तियों और सुझावों का समाधान किया जाए।
व्यापारियों के दस्तावेजों एवं उनके वर्षों पुराने व्यवसाय को ध्यान में रखते हुए न्यायपूर्ण एवं मानवीय नीति के तहत कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि व्यापारी विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर दशकों से बसे व्यापारियों की रोजी-रोटी समाप्त करना भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। जिन परिवारों की पूरी आजीविका इन दुकानों पर निर्भर है, उनके भविष्य की जिम्मेदारी भी प्रशासन को उठानी होगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और प्रभावित व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मुआवजा, वैकल्पिक दुकान एवं पुनर्वास की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों के साथ खड़ी है और जब तक प्रभावित दुकानदारों को न्यायपूर्ण पुनर्वास, उचित आर्थिक सहायता और उनके वैधानिक अधिकारों का संरक्षण नहीं मिलता, तब तक इस विषय को मजबूती से प्रशासन के समक्ष उठाया जाता रहेगा। उपस्थित रहे इस अवसर पर व्यापारी प्रतिनिधियों के रूप में अमित गुप्ता रूबी मलिक अरुण चौधरी मनोज वर्मा अरविंद चौधरी नरेश शर्मा विनीत शर्मा विनीत किशन लाल बिजेंद्र सिंह पवन कुमार खटाना ज्ञानेश्वर खटाना यूसुफ आदि लोग साथ थे जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी में रिजवान मलिक जो भी मालिक राजू शर्मा राजकुमार शर्मा सीमा नजमीन इरफान नेताजी बाबूराम खबर आशुतोष गुप्ता मीडिया प्रभारी द्वारा प्रेषित की गई
