November 12, 2026

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करने के लिए दिए निर्देश !

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करने के लिए दिए निर्देश !

*दिनांक: 10 नवम्बर, 2026*

 

*जनपद गाजियाबाद*

 

*जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करने के लिए दिए निर्देश*

 

*घर-घर जाकर पात्र नागरिकों का विवरण जुटाएंगे बीएलओ, पात्रों का मतदाता सूची में करायेंगे नाम दर्ज: जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़*

 

*कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे, यह सभी की जिम्मेदारी: जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़*

 

*बॉक्स: जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार का प्रयोग तभी संभव है, जब उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। अतः जनपद के सभी नागरिकों से अपील है कि वे मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें तथा नाम दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कराना सुनिश्चित करें।*

 

*गाजियाबाद।* भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित मतदेय स्थलों की नई सूची को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करा दिया गया है। इसके साथ ही उक्त सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करा दी गई है तथा नियमानुसार इसका प्रकाशन भी कर दिया गया है। प्रकाशित नई सूची के अनुसार जनपद की विभिन्न विधानसभाओं में मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की संख्या में संशोधन किया गया है। विधानसभा क्षेत्रवार निर्धारित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का विवरण में लोनी विधानसभा: 146 मतदान केंद्र एवं 540 मतदेय स्थल। मुरादनगर विधानसभा: 155 मतदान केंद्र एवं 504 मतदेय स्थल। साहिबाबाद विधानसभा: 270 मतदान केंद्र एवं 1,033 मतदेय स्थल। गाजियाबाद विधानसभा: 130 मतदान केंद्र एवं 489 मतदेय स्थल। मोदीनगर विधानसभा: 121 मतदान केंद्र एवं 382 मतदेय स्थल। धौलाना विधानसभा (आंशिक क्षेत्र): 43 मतदान केंद्र एवं 125 मतदेय स्थल हैं। इस प्रकार धौलाना विधानसभा के आंशिक क्षेत्र सहित जनपद में कुल 865 मतदान केंद्र एवं 3,073 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

निर्वाचन संबंधी कार्यों के सुचारु संचालन एवं मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए जनपद में 05 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), 26 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ), 865 सुपरवाइजर तथा 3,073 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात किए गए हैं।

 

*घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे बीएलओ*

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविंद्र कुमार मांदड़ ने जनपद की मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके निर्धारित क्षेत्रों में भेजकर घर-घर सत्यापन का कार्य कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को बीएलओ रजिस्टर उपलब्ध कराए गए हैं। बीएलओ घर-घर जाकर परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, पता, परिवार में निवासरत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सदस्यों की संख्या तथा उनमें से कितने लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं, इसकी जानकारी संकलित करेंगे। सत्यापन के दौरान जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं पाया जाएगा, सहमति के साथ उनका मौके पर ही प्रारूप-6 भरवाकर नाम सम्मिलित कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। वहीं, जिन नागरिकों का नाम किसी अन्य स्थान अथवा अन्य राज्य की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है और वे अपना नाम गाजियाबाद जनपद की मतदाता सूची में स्थानांतरित कराना चाहते हैं, उनसे नियमानुसार प्रारूप-8 भरवाया जाएगा।

 

*निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी*

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ को 350 घरों के सत्यापन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी संबंधित सुपरवाइजर करेंगे। इसके अतिरिक्त एईआरओ एवं ईआरओ भी कार्य की समीक्षा एवं पर्यवेक्षण करेंगे, ताकि निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी बीएलओ अथवा सुपरवाइजर के रूप में लगाई गई है, उन्हें निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए कार्यमुक्त किया जाए। यदि किसी विभागीय अधिकारी द्वारा ऐसे कार्मिकों को निर्वाचन कार्य के लिए कार्यमुक्त नहीं किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उसके विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

*उद्यमियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठान कार्मिकों का मतदाता सूची में कराये नाम दर्ज*

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उद्यमियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया कि उनके प्रतिष्ठानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में वे अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों तथा उनके परिवार के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची मेंदर्ज कराना सुनिश्चित करें। कर्मचारियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं और फार्म—6 व 8 भरवाना सुनिश्चित करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।

 

*शिक्षा विभाग, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को दिए निर्देश*

जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों के माध्यम से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवाओं का प्रारूप-6 भरवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से कहा कि वे अपने स्तर से 18+ बच्चों, अभिभावकों एवं उनके परिवार के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त करें कि कितने पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं। जिन पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। उनके फार्म आॅनलाईन या आॅफलाईन के माध्यम से भरवाते हुए उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाया जाएं।

 

*राशन विक्रेताओं कार्डधारकों के पात्र सदस्यों का भरवायें फार्म—6*

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं (राशन कोटेदारों) को निर्देशित किया कि वे राशन कार्डधारकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करायें। राशन वितरण के दौरान परिवार में निवासरत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सदस्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए यदि किसी का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो उन्हें फार्म—06 उपलब्ध कराते हुए भरे या आॅनलाईन भरवायें।

 

*आरडब्ल्यूए अपने क्षेत्र में निवासरत पात्र लोगों का मतदाता सूची में दर्ज करायें नाम*

जिलाधिकारी ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निवासरत सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें। साथ ही आरडब्ल्यूए क्षेत्र में निवासरत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक का नाम किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र अथवा अन्य राज्य की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है और वह गाजियाबाद जनपद की मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित कराना चाहता है, तो मौके पर उनसे नियमानुसार प्रारूप-8 भरकर आवेदन कराया जाएं

 

*जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से की मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील*

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। इसके लिए नागरिक ऑनलाइन माध्यम से मतदाता सेवा पोर्टल एवं वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए अपना नाम खोज सकते हैं। इसके अतिरिक्त ईसीआईनेट (ECINET) ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह ऑनलाइन अथवा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन प्रारूप-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं, यदि किसी नागरिक का नाम किसी अन्य स्थान अथवा राज्य की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है और वह अपना नाम गाजियाबाद जनपद में स्थानांतरित कराना चाहता है, तो वह नियमानुसार प्रारूप-8 के माध्यम से आवेदन कर सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार का प्रयोग तभी संभव है, जब उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। अतः जनपद के सभी नागरिकों से अपील है कि वे मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें तथा नाम दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कराना सुनिश्चित करें।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.