एमएलसी स्नातक चुनाव में जीत की बढ़त के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, गोविंदपुरम में बनी मतदान केंद्रवार रणनीति।

एमएलसी स्नातक चुनाव में जीत की बढ़त के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, गोविंदपुरम में बनी मतदान केंद्रवार रणनीति।
पूर्व महापौर व प्रभारी आशु वर्मा और विधायक अजीत पाल त्यागी ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां, रजापुर ब्लॉक कार्यालय, इंग्राहम और राजकीय पॉलिटेक्निक मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर जोर
गाजियाबाद। आगामी एमएलसी स्नातक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर गाजियाबाद के गोविंदपुरम मंडल कार्यालय पर बैठक सम्पन्न हुई। विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं पूर्व महापौर आशु वर्मा तथा विधायक अजीत पाल त्यागी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में रजापुर ब्लॉक कार्यालय, इंग्राहम इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित मतदान केंद्रों पर चुनावी व्यवस्थाओं को दुरुस्त एवं प्रभावी बनाने, मतदाता संपर्क अभियान को गति देने तथा मतदान के दिन बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व महापौर आशु वर्मा ने मंडल अध्यक्षों, स्थानीय पार्षदों, बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र प्रमुखों से कहा कि वे कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाकर शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से संपर्क करें। अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में भी पहुंचकर पात्र मतदाताओं से संवाद स्थापित करें और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने मतदान केंद्रवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर चुनावी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि चुनाव की तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा और बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने 20-20 कार्यकर्ताओं की संपर्क टोलियां गठित करने, प्रत्येक टोली पर एक प्रमुख तथा पांच टोलियों पर एक मुख्य सचेतक नियुक्त कर नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने और पात्र मतदाताओं तक समय रहते आवश्यक जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में एमएलसी प्रत्याशी दिनेश गोयल के सुपुत्र अक्षत गोयल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन में कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठनात्मक समन्वय और मतदाताओं के साथ सतत संवाद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में विधानसभा स्नातक चुनाव संयोजक सचिन गोयल, सह संयोजक एवं पार्षद प्रदीप चौधरी, मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, राहुल तोमर, नीरज त्यागी, पार्षद अमित त्यागी, मनोज त्यागी, राजू चौधरी, पवन गौतम सहित राजीव डागर, अभिजीत मुखर्जी, मनोज गिरी, शैली सेठी, सुशील सक्सेना, राजीव त्यागी, कुमारपाल चौधरी, सविता त्यागी, जगत प्रताप सिंह, वीकेएस पाल, राकेश चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
