भागलपुर में बड़ा भंडाफोड़: ग्रामीणों के नाम पर फर्जी सिम निकाल अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को बेचने वाला पीओएस एजेंट गिरफ्तार ।

भागलपुर में बड़ा भंडाफोड़: ग्रामीणों के नाम पर फर्जी सिम निकाल अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को बेचने वाला पीओएस एजेंट गिरफ्तार ।
सतीश कुमार /भागलपुर।
साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में भागलपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे पीओएस (POS) एजेंट को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले ग्रामीणों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अवैध रूप से सिम कार्ड एक्टिवेट करता था और उन्हें अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को बेच देता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार (पिता- धनंजय सिंह, निवासी- पदमपुर, थाना- नवादा, जिला- बांका) के रूप में हुई है, जिसे बांका जिले के हरचण्डी चौक से विधिवत गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल नंबर पोर्ट कराने के नाम पर की धोखाधड़ी:मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर पुलिस की सीसीएसयू (Cyber Crime Security Unit) पटना से एक गोपनीय इनपुट मिला था कि भागलपुर जिले में कुछ पीओएस एजेंटों द्वारा बड़े पैमाने पर फर्जी ढंग से सिम कार्ड निर्गत किए जा रहे हैं।मामले की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि भागलपुर स्थित एक पीओएस एजेंट (अमित कुमार) द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के ग्रामीणों को उनका मोबाइल नंबर पोर्ट कराने का झांसा दिया गया। ग्रामीणों की जानकारी के बिना,आरोपी ने वोडाफोन कंपनी के करीब 72 सिम कार्ड पिछले 8 महीनों में अवैध रूप से निर्गत (एक्टिवेट) कर लिए।
निर्गत सिमों से झारखंड में हुए 124 साइबर अपराध:जांच के दौरान जब इन अवैध सिम कार्डों का तकनीकी विश्लेषण किया गया, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। आरोपी अमित कुमार द्वारा अवैध रूप से बेचे गए इन 72 सिम कार्डों का इस्तेमाल कर झारखंड स्थित साइबर अपराधियों द्वारा कुल 124 साइबर अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। वह अवैध तरीके से सिम निकालकर झारखंड के अपराधियों को मोटी रकम में सप्लाई करता था।
दबोचने के लिए बनी विशेष टीम, 2 मोबाइल बरामद:मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भागलपुर के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में साइबर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त अमित कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 02 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।इस संबंध में भागलपुर साइबर थाना में कांड संख्या- 66/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल:इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में साइबर थाना भागलपुर के पु०अ०नि० शिव कुमार सुमन, सिपाही कृष्णमोहन कुमार, सिपाही सुमित कुमार सागर और चालक सिपाही रवि कुमार शामिल थे। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर इस रैकेट से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों और उनके मददगारों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
