November 6, 2026

फर्रुखाबाद में पहली आरएमयू का लोकार्पण, 20 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बिजली कटौती से राहत !

फर्रुखाबाद में पहली आरएमयू का लोकार्पण, 20 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बिजली कटौती से राहत !

फर्रुखाबाद में पहली आरएमयू का लोकार्पण, 20 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बिजली कटौती से राहत

सेंट्रल जेल चौराहे पर सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने किया शुभारंभ, खराबी आने पर दूसरे फीडर से मिलेगी बिजली

दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो, फर्रुखाबाद।

फर्रुखाबाद। शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सेंट्रल जेल चौराहे पर जिले की पहली रिंग मेन यूनिट (आरएमयू) का लोकार्पण सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने किया। इस नई व्यवस्था से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 20 हजार बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

लोकार्पण के दौरान विधायक ने बताया कि बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर या फीडर में तकनीकी खराबी आने पर आरएमयू स्वतः बिजली का लोड दूसरे फीडर पर स्थानांतरित कर देगी। इससे वैकल्पिक लाइन के माध्यम से बिजली आपूर्ति जारी रखी जा सकेगी और उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि बिजलीघर से आने वाली लाइन आरएमयू के माध्यम से वापस बिजलीघर तक जुड़ेगी। इसका लाभ सेंट्रल जेल क्षेत्र से लेकर भाऊपुर तक के गांवों को मिलेगा। इसके अलावा दूसरी आरएमयू अगले दो से तीन दिनों में आईटीआई परिसर में स्थापित की जाएगी, जिससे शहर के अन्य क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था भी बेहतर होगी।

विधायक ने जानकारी दी कि सेंट्रल जेल क्षेत्र में स्थापित होने वाले दो बिजली केंद्रों का लोकार्पण भी आगामी 10 दिनों के भीतर बिजली विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन व्यवस्थाओं के शुरू होने से आगामी गर्मियों में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बिजली संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।

आरएमयू से सेंट्रल जेल चौराहा, विजाधरपुर, निनौआ, धंसुआ, नारायनपुर, श्यामनगर, गुंजन बिहार, हसनबाग, सातनपुर और बेवर रोड से बघार नाला तक के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

इस मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों के अलावा आचार्य सर्वेश कुमार शुक्ल, व्यापार मंडल महामंत्री डॉ. संजीव त्रिपाठी, भाजपा नेता शिवम दुबे, जिला मंत्री पंकज पाल, रामकुमार शुक्ला, पिंटू सक्सेना, मंडल अध्यक्ष अजय कटियार, शशांक कटियार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.