भाजपा अनुसूचित मोर्चा की परिचय बैठक में दिखा उत्साह, 5 नवंबर की विशाल पदयात्रा को सफल बनाने का लिया संकल्प !

भाजपा अनुसूचित मोर्चा की परिचय बैठक में दिखा उत्साह, 5 नवंबर की विशाल पदयात्रा को सफल बनाने का लिया संकल्प !
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं अनुसूचित मोर्चा महानगर अध्यक्ष वेदप्रकाश के नेतृत्व में हुआ भव्य आयोजन, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई पदयात्रा की जिम्मेदारियां।


भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रथम परिचय बैठक एवं आगामी 5 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ विशाल पदयात्रा की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं अनुसूचित मोर्चा के महानगर अध्यक्ष वेदप्रकाश जी ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में मोर्चे के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित मोर्चा के महानगर अध्यक्ष वेदप्रकाश जी द्वारा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल का ताज पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं बैठक में पहुंचे मोर्चे के महामंत्रियों, उपाध्यक्षों, मंत्रियों एवं अन्य सभी पदाधिकारियों का भी वेदप्रकाश जी ने पटका पहनाकर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में आपसी परिचय के साथ संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर विशेष चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए अनुसूचित मोर्चा के महानगर अध्यक्ष वेदप्रकाश जी ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, मेहनत और सक्रिय भागीदारी से ही संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने आगामी 5 नवंबर को माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विशाल पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तार से कार्यक्रम की रूपरेखा समझाई। साथ ही पदयात्रा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वेदप्रकाश जी ने पदयात्रा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के लिए बसों की व्यवस्था एवं वितरण की जानकारी देते हुए सभी से निर्धारित समय पर पहुंचने और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 5 नवंबर का यह कार्यक्रम संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटें, ताकि विशाल पदयात्रा को सफल बनाया जा सके।
बैठक का समापन संगठनात्मक एकता, आपसी समन्वय और आगामी पदयात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
