जगतपुरी रेड लाइट चौक का नाम होगा परशुराम चौकस्थापित होगी भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा,कृष्णानगर चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा लगाने की योजना ।

जगतपुरी रेड लाइट चौक का नाम होगा परशुराम चौकस्थापित होगी भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा,कृष्णानगर चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा लगाने की योजना
कृष्णा नगर रोड नंबर 56 और 57 से हटेगा अतिक्रमण
विधायक डॉ. अनिल गोयल ने किया निरीक्षण
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी क्षेत्र में स्थित रेड लाइट चौक का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। इस चौक को अब भगवान परशुराम चौक के नाम से पहचान दिलाने की तैयारी है। यहां भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी और चौक का व्यापक सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। इस प्रस्तावित विकास कार्य को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. अनिल गोयल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्ययोजना को लेकर चर्चा की।निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. अनिल गोयल ने चौक के विकास, सौंदर्यीकरण और भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी और चौक का स्वरूप भी आकर्षक बनेगा। उन्होंने इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू कराने और निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया। इस अवसर पर विधायक डॉ. अनिल गोयल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा ,विश्वास नगर विधायक ओमप्रकाश शर्मा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री जी ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया है। उनके सहयोग से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकेगा।
वहीं, कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या को लेकर भी विधायक डॉ. अनिल गोयल सक्रिय नजर आए। उन्होंने कृष्णा नगर रोड नंबर 56 और 57 का निरीक्षण कर सड़क पर हो रहे अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों सड़कों पर चल रहे सर्विस सेंटर ,कार सेल और अनाधिकृत वाहन ,अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। यह अतिक्रमण अर्जुन नगर ,कृष्णानगर न्यू की एंट्री गलियों को ब्लॉक करकर ट्रैफिक की समस्या का कारण बनता है और गलियों में रहने वाले लोगों के आवागमन में बाधा डालता है ,उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराना बेहद जरूरी है। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम दिल्ली (MCD) और दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर स्थिति पर चर्चा की और आपसी समन्वय बनाकर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डॉ. अनिल गोयल ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जगतपुरी में चौक का सौंदर्यीकरण और कृष्णा नगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में संबंधित विभागों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इन दोनों पहलों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। अब स्थानीय लोगों को जगतपुरी चौक के नए स्वरूप और कृष्णा नगर की सड़कों से अतिक्रमण हटने का इंतजार है।
