मोतिहारी के पत्रकारों को मिला अपना भवन, डीएम सौरभ सुमन यादव सीने किया प्रेस क्लब का उद्घाटन ।

मोतिहारी के पत्रकारों को मिला अपना भवन, डीएम सौरभ सुमन यादव ने किया प्रेस क्लब का उद्घाटन ।
मोतिहारी |सुरेन्द्र शर्मा
पूर्वी चंपारण जिले के पत्रकारों का वर्षों पुराना सपना आखिरकार गुरुवार को साकार हो गया। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने पत्रकार भवन (प्रेस क्लब भवन) का विधिवत उद्घाटन कर इसे पत्रकारों को समर्पित किया। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश सहित उपस्थित पत्रकारों ने जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। समाज और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में उन्हें समाचार संकलन, लेखन, संपादन और आपसी विचार-विमर्श के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार भवन पत्रकारों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। यहां पत्रकार बैठकर खबरें लिखने, संपादन करने और विभिन्न मुद्दों पर आपसी विचार-विमर्श कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि भवन को जल्द ही आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि पत्रकारों को कार्य करने में सहूलियत मिल सके।
प्रेस क्लब भवन के उद्घाटन के बाद पत्रकारों में खुशी का माहौल देखा गया। पत्रकारों ने इसे जिले के पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजन दत्त द्विवेदी, विनोद कुमार सिंह, आनंद प्रकाश, कैलाश गुप्ता, ब्रजेश कुमार, इंतजारूल हक, अरविंद कुमार, पंकज कुमार सिंह, अमरजीत कुमार, सोनू सिंह, अवनीश कुमार सिंह, अमित कुमार, प्रतीक कुमार सिंह, सोहराब आलम, संजय कुमार मिश्र, रजनीश कुमार, रोहित कुमार, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
