November 17, 2026

हरोली से दिल्ली के लिए लग्जरी बस सेवा शुरू करने के साथ मुकेश अग्निहोत्री ने चौदह पंचायतों को सौंपे ई रिक्शा ।

हरोली से दिल्ली के लिए लग्जरी बस सेवा शुरू करने के साथ मुकेश अग्निहोत्री ने चौदह पंचायतों को सौंपे ई रिक्शा ।

हरोली से दिल्ली के लिए लग्जरी बस सेवा शुरू करने के साथ मुकेश अग्निहोत्री ने चौदह पंचायतों को सौंपे ई रिक्शा, हिमाचल को हरित राज्य बनाने और परिवहन सेवाओं को मजबूत करने का किया दावा

रफ्तार मीडिया ब्यूरो, ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली बस अड्डे से हिमाचल पथ परिवहन निगम की पहली लग्जरी बस को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया है जिससे क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी परिवहन मांग पूरी हो गई है। हरोली से रात 8.15 बजे चलकर ऊना और चंडीगढ़ होते हुए सुबह 5 बजे दिल्ली पहुंचने वाली इस 39 सीटों वाली बस की सभी सीटें ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से पहले ही दिन पूरी तरह फुल हो गईं जिससे यात्रियों से बेहद शानदार रिस्पांस मिला है। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश को पूरी तरह से ग्रीन राज्य बनाने और निगम की सेवाओं को आधुनिक व सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एचआरटीसी के बेड़े में भविष्य में 1000 और नई इलेक्ट्रिक बसों के साथ ही 100 मिनी बसें तथा 250 डीजल बसें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश से दिल्ली के लिए अब कुल 22 लग्जरी बसें संचालित हो रही हैं जबकि धार्मिक व पर्यटन स्थलों के लिए भी यह विशेष सेवाएं उपलब्ध करवाई गई हैं और अकेले ऊना जिले से पहले ही 51 इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।

मुकेश अग्निहोत्री ने परिवहन क्षेत्र को आधुनिक बनाने के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत हरोली विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों को घर घर से कचरा एकत्र करने के लिए विशेष ई रिक्शा सौंपकर उन्हें हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को पूरी तरह से स्वच्छ हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है जिसके तहत प्रथम चरण में 14 पंचायतों को यह गाड़ियां दी गई हैं तथा आने वाले दिनों में अन्य सभी पंचायतों को भी इस कचरा प्रबंधन प्रणाली से जोड़ा जाएगा। हरोली से दिल्ली का प्रति सवारी किराया 1138 रुपए निर्धारित किया गया है जो आम यात्रियों के लिए सुविधाजनक व किफायती परिवहन विकल्प साबित होगा। इस भव्य कार्यक्रम में हिमाचल पथ परिवहन निगम के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक जिला प्रशासन के अधिकारी और विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि भारी संख्या में उपस्थित रहे जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उठाए गए इन दोनों ऐतिहासिक कदमों की भूरि भूरि प्रशंसा की।

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.