रायबरेली में नेग मांगने को लेकर बवाल, महिला डॉक्टर के क्लीनिक में जमकर मारपीट और तोड़फोड़, 11 हजार रुपये की मांग पर भड़के किन्नर !

रायबरेली में नेग मांगने को लेकर बवाल, महिला डॉक्टर के क्लीनिक में जमकर मारपीट और तोड़फोड़, 11 हजार रुपये की मांग पर भड़के किन्नर!
रायबरेली, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में दीपावली के मौके पर नेग मांगने पहुंचे किन्नरों का एक समूह उस समय विवादों में घिर गया, जब नेग की रकम को लेकर महिला डॉक्टर के क्लीनिक में जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि किन्नरों और उनके साथ आए लोगों ने क्लीनिक को रणभूमि में तब्दील कर दिया। वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की गई और क्लीनिक में जमकर तोड़फोड़ भी की गई।
जानकारी के मुताबिक, महिला चिकित्सक डॉ. सीमा त्रिपाठी अपने क्लीनिक पर मौजूद थीं। इसी दौरान दीपावली का नेग मांगने के लिए किन्नरों का एक समूह वहां पहुंचा। डॉक्टर की ओर से नेग दिया जा रहा था, लेकिन इसी बीच समूह के एक सदस्य ने 11 हजार रुपये की मांग कर दी। इतनी बड़ी रकम की मांग को लेकर बातचीत शुरू होती, उससे पहले ही डॉ. सीमा त्रिपाठी के ससुर ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए किन्नरों से बातचीत शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी बात को लेकर किन्नर नाराज हो गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद समूह के लोगों ने कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। क्लीनिक में मौजूद लोगों को निशाना बनाया गया। आरोप है कि हमलावरों ने कूद-कूदकर लोगों के साथ मारपीट की और क्लीनिक में रखे सामान को तोड़कर नुकसान पहुंचाया। अचानक हुए इस हंगामे से क्लीनिक में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।
घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आठ किन्नरों और उनके साथ आए अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल इस घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। सवाल यह है कि दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर नेग मांगने की परंपरा के नाम पर इस तरह का विवाद और हिंसा आखिर क्यों? त्योहार पर खुशी बांटने की जगह मारपीट और तोड़फोड़ की ऐसी घटनाएं किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
