मयूर विहार के लवली हेरिटेज स्कूल में मातम! तीसरी कक्षा की मासूम उन्नति की अचानक मौत, स्कूल से अस्पताल तक मची अफरा-तफरी !

मयूर विहार के लवली हेरिटेज स्कूल में मातम! तीसरी कक्षा की मासूम उन्नति की अचानक मौत, स्कूल से अस्पताल तक मची अफरा-तफरी !
क्लासरूम में अचानक बिगड़ी बच्ची की तबीयत, हार्ट अटैक की आशंका; शिक्षक आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन नहीं बच सकी मासूम की जान
प्राइम इंडिया न्यूज़ संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के थाना पांडव नगर क्षेत्र के मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली हेरिटेज स्कूल से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली मासूम छात्रा उन्नति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जिस उम्र में बच्चे स्कूल में हंसते-खेलते अपना भविष्य संवारने के सपने देखते हैं, उस उम्र में उन्नति की अचानक हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उन्नति स्कूल की कक्षा में मौजूद थी, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि बच्ची को हार्ट अटैक आने की आशंका जताई गई। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने बिना देर किए बच्ची को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं स्कूल परिसर में भी शोक का माहौल है। अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि आखिर बच्ची की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी? स्कूल में ऐसी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्या मेडिकल सहायता और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था थी? क्या स्कूल में प्रशिक्षित कर्मचारी और आपातकालीन चिकित्सा प्रोटोकॉल मौजूद हैं?
फिलहाल बच्ची की मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक चिकित्सकीय पुष्टि होना बाकी है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य निगरानी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार हर अभिभावक अपने बच्चे को सुरक्षित भविष्य की उम्मीद के साथ स्कूल भेजता है।
