September 2, 2026

बापूधाम महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मोतिहारी को मिली 285 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

बापूधाम महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मोतिहारी को मिली 285 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

बापूधाम महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मोतिहारी को मिली 285 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात ।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बंद चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में शीघ्र कार्य प्रारंभ करने की घोषणा की

मोतिहारी, 1 सितंबर 2026।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित बापूधाम महोत्सव-2026 का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। तीन सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिले के विकास को नई गति देते हुए करीब 285 करोड़ रुपये की लागत वाली 145 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने आमजनों एवं आवेदकों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा के तहत सुयोग्य लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा प्रदान किया। मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई। वहीं, 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को आर्थिक सहयोग के लिए प्रदान की गई।

NSD के नए कैंपस को केंद्र की मंजूरी

बापूधाम महोत्सव के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी चंपारण के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की गई है। उन्होंने सांसद राधामोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (National School of Drama) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है। इसके लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी तथा भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। NSD कैंपस बनने से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और उन्नत शोध के अवसर मिलेंगे।

सहयोग कार्यक्रम के 96 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निष्पादन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के उद्देश्य से बिहार में सहयोग कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। अब तक करीब 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सभी प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में एक करोड़ पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा चुका है।

2030 के चुनाव से पहले रोजगार और उद्योग पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए लगातार विकास कार्यों में लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बिहार को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और वर्तमान सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बिहार में बड़ी संख्या में लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। सिंचाई के क्षेत्र में भी बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2005 तक करीब 21 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर करीब 44 लाख हेक्टेयर हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 के चुनाव से पहले बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा सरकारी नौकरियों और रोजगार के अवसर सृजित कर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने उत्तर बिहार में मछली उत्पादन को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़ने तथा जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय एवं बकरी पालन से जोड़ने पर भी जोर दिया। स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर उन्हें दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना की भी जानकारी दी।

पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक 10 हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है। उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में 700 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं। इन विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षकों के साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद बिहार में मात्र 278 डिग्री कॉलेज थे। राज्य सरकार ने 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की शुरुआत कराई है, जिससे विद्यार्थियों को प्रखंड स्तर पर ही डिग्री कॉलेज की शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज और तारामंडल की घोषणा

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।

आम जनता की मांग पर पूर्व में पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय अब बरियारपुर में बनाया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में, जहां वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है, वहां इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई।

इसके अलावा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट, मोतिहारी में अटल कला भवन तथा तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि बंद चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

मरीन ड्राइव और कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की घोषणा

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की घोषणा की।

मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा, जिसे मरीन ड्राइव के रूप में विकसित किया जाएगा।

पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर पथ का 17 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, शीतलपुर से रमडीहा भाया नवस्थापित/निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा अरेराज मंदिर तक जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की भी घोषणा की गई।

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, मोतिहारी से फायरिंग रेंज के पीछे होते हुए धनौती नदी के लेफ्ट बैंक पर मजुराहों में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के पहुंच पथ तक सड़क निर्माण भी कराया जाएगा।

मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनने जा रहे हैं। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूर्वी चंपारण में विकास के कई कार्य कराए जा रहे हैं। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जा रहा है। लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार तथा मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना का विकास किया जा रहा है।

चंपारण की ऐतिहासिक विरासत को दुनिया तक पहुंचाएगा महोत्सव

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मोतिहारी में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, मत्स्य पालन, उद्योग, कला-संस्कृति और आधारभूत संरचना को व्यापक गति मिलेगी।

उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चंपारण से जुड़े योगदान को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव चंपारण की इसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा सांसद राधामोहन सिंह ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हरितगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक कृष्णनंदन पासवान, प्रमोद कुमार, राणा रणधीर, राजू तिवारी, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, श्यामबाबू प्रसाद यादव, लालबाबू लाल प्रसाद गुप्ता, मो. फैसल रहमान, राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, विशाल कुमार, विधान पार्षद आफाक अहमद, डॉ. खालिद अनवर, प्रो. (डॉ.) वीरेन्द्र नारायण यादव, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात सहित अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.