August 19, 2026

पुठरी शिव मंदिर में महिलाओं के कुंडल नोचकर फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पुठरी शिव मंदिर में महिलाओं के कुंडल नोचकर फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पुठरी शिव मंदिर में महिलाओं के कुंडल नोचकर फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ।

फर्रुखाबाद/नवाबगंज। सावन के पावन माह में नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव पुठरी स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक के दौरान महिलाओं से कुंडल नोचने की दो घटनाओं ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने दो महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल नोच लिए और भीड़ में फरार हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, मिथलेश देवी, पत्नी अजय सिंह, निवासी नगला हीरा सिंह, भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पुठरी शिव मंदिर पहुंची थीं। दर्शन के दौरान अचानक अज्ञात बदमाशों ने उनके दोनों कानों से कुंडल नोच लिए। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास मौजूद श्रद्धालु मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान एक अन्य महिला भी बदमाशों का शिकार बन गई और उसके भी दोनों कानों के कुंडल नोच लिए गए। एक ही समय में दो महिलाओं के साथ हुई इस वारदात से मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में भय और आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि सावन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण ऐसे गिरोह सक्रिय होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

 

घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में पुलिस की स्थायी तैनाती, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा भीड़भाड़ वाले दिनों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस संबंध में जब नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार तथा बबना चौकी प्रभारीअभिलाख सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी की जा रही है और यदि घटना की पुष्टि होती है तो आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.